रामपुर उपचुनाव में अब महज दो दिनों का समय शेष बचा है। 5 दिसंबर को इस सीट पर मतदान किए जाएंगे ऐसे में सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान अपनी पार्टी की जीत के लिए जमकर इमोशनल कार्ड खेल रहे हैं।
आजम खान की हेट स्पीच मामले में विधायकी जाने के बाद रामपुर में उपचुनाव हो रहे हैं। सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान विभिन्न मामलों में दो साल से अधिक समय तक जेल में रहने के बाद जमानत पर बाहर आए हैं। आजम खान रामपुर उपचुनाव में एक के बाद एक जनसभाएं करके लोगो से उनके करीबी और सपा प्रत्याशी आसिम राजा को वोट डालने की अपील कर रहे हैं।
आजम खान खेल रहे इमोशनल कार्ड
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत मुलायम सिंह यादव के समय से सपा के मुस्लिम चेहरे माने जाने वाले आजम खान भावनात्मक अपील के साथ निर्वाचन क्षेत्र में घूमकर पार्टी प्रत्याशी आसिम राजा के पक्ष में लोगों से मतदान की अपील कर रहे हैं।
आज़म खान रामपुर में अपने सालों के प्रभाव को बरकरार रखने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। वो अपने करीबी आसिम राजा के लिए स्थानीय लोगों के घर-घर जाकर चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं। लोगों से मिलने के दौरान आजम खान यह कहते हुए नजर आ रहे है कि उन्होंने 27 महीनें जेल में बिताएं है। बीजेपी की सरकार ने उनपर कई मामलों में मुकदमें दर्ज कर दिए है। लोगों से बातचीत करते हुए उनके आंसू भी छलक पड़ते हैं।
आजम खान लोगों से मुलाकात के दौरान कहते हैं कि, अगर कोई रोके तो लड़ना नहीं वहीं बैठ जाना कहना कि हम बूथ तक जाएंगे हमारा वोट है। साथ ही वो यह भी कहते हैं कि अगर आप लोगों को मतदान वाले दिन आपको कोई भी परेशानी हो तो हमें खबर करना।
बीजेपी भी झोंक रही जमकर ताकत
समाजवादी के गढ़ रामपुर के उपचुनाव में बीजेपी भी अपनी पूरी ताकत झोंक रही है। बीजेपी के कई दिग्गज नेताओं ने एक के बाद एक कई रैलियां और रोड शो किए हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामपुर में ताबड़तोड़ रैली की। आजम खान के करीबी आसिम राजा के सामने बीजेपी ने आकाश सक्सेना को मैदान में उतारा है। जिसके लिए सीएम योगी आदित्यनाथ ने रामपुर की जनता से वोट डालने की अपील की है।