लखनऊ में सड़क किनारे ड्राई फ्रूट्स बेच रहे एक कश्मीरी युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. कश्मीरी युवकों को पीट रहे लोग किसी हिंदूवादी संगठन से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भगवा कुर्ता पहने कुछ लोग एक कश्मीरी युवक को गाली देते हुए उसके साथ डंडे से मारपीट कर रहे हैं.
पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे विडियो में दिख रहा है कि लखनऊ के डालीगंज पुल के किनारे ड्राई फ्रूट्स बेचने वाले एक युवक को कुछ लोग कश्मीरी बताकर मारपीट कर रहे हैं. इतने में वहां से गुजर रहे लोगों ने बीचबचाव करके मामले को सुलझाने की कोशिश की.
बता दें कि इससे पहले पुलवामा हमले के बाद देश के कई कोनों से कश्मीरियों पर हमले की खबरें आईं थीं. जिसे देखते हुए गृह मंत्रालय ने कश्मीरियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी राज्यों को सख्त निर्देश दिए थे.