Arvinder Singh Lovely Join BJP: लोकसभा चुनावों के बीच में कांग्रेस को एक के बाद एक बड़े झटके लगते जा रहे हैं। अब दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली का कांग्रेस से मोहभंग हो गया। लवली ने कई पूर्व विधायकों के साथ बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की है। इससे पहले ओडिशा की पुरी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सुचारिता मोहंती ने लोकसभा चुनाव लड़ने से मना कर दिया और पार्टी का टिकट लौटा दिया।
दिल्ली बीजेपी मुख्यालय में अरविंदर सिंह लवली के अलावा राजकुमार चौहान, अमित मलिक, नसीब सिंह और नीरज बसोया ने भी बीजेपी का दामन थाम लिया है। इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कहा कि रायबरेली में प्रियंका गांधी के पोस्टर लगे थे, कांग्रेस कार्यकर्ता चाहते थे कि प्रियंका गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ें।
लेकिन, राहुल गांधी आए और उन्होंने रायबरेली से नामांकन दाखिल किया। पीएम मोदी का नारा है बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, लेकिन कांग्रेस का नारा है बेटा बचाओ, बेटा बढ़ाओ। इस तरह की राजनीति से तंग आकर अरविंदर एस लवली बीजेपी में शामिल हो गए। लोकसभा चुनाव से पहले अरविंदर सिंह लवली ने दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष पद छोड़ दिया था।
कांग्रेस लगातार गलती दोहरा रही- लवली
उन्होंने प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया और उम्मीदवार उदित राज, कन्हैया कुमार पर गंभीर आरोप लगाए थे। हालांकि बीजेपी में शामिल होने के सवाल पर लवली ने कहा था मैंने पहले भी स्पष्ट किया और मैंने अपने इस्तीफे की चिट्ठी में भी कहा था कि अगर मैं कहीं शामिल होना चाहता हूं तो मुझे एक लाइन का इस्तीफा लिखने से कौन रोक रहा था।
मैंने इस्तीफे में कारण इसलिए लिखे कि शायद उन्हें दुरुस्त कर लिया जाए। जिस तरह से लोगों को बाहर निकाला जा रहा है, उससे अगर पीड़ा ना होती तो क्यों पद छोड़ते। मुझे थोड़ी पार्टी से बाहर निकाला जा रहा था। मैं पार्टी की कुनीतियों से परेशान होकर बीजेपी के साथ जा रहा हूं। कांग्रेस लगातार एक के बाद एक वही गलती दोहराती जा रही है, जिसे पार्टी को दुरुस्त करना चाहिए था।