Loksabha Chunav 2024 Priyanka Gandhi: उत्तर प्रदेश की दो सबसे हॉट सीटों अमेठी और रायबरेली पर बीजेपी के बाद कांग्रेस ने भी अपने पत्ते खोल दिए। अमेठी से केएल शर्मा यानि किशोरी लाल शर्मा और रायबरेली से राहुल गांधी को चुनावी मैदान में उतारा है। प्रियंका गांधी की अमेठी से चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही थी लेकिन, कांग्रेस की लिस्ट ने किसी भी तरह के कयास और अटकलों पर विराम लगा दिया।
अब अमेठी से केएल शर्मा और रायबरेली से राहुल गांधी चुनाव लड़ते नजर आएंगे। अब अमेठी से चुनाव नहीं लड़ने पर प्रियंका गांधी की और से पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। प्रियंका गांधी का कहना है कि केएल शर्मा एक बेहतर पसंद हैं, इसलिए भी क्योंकि वह लगातार अमेठी के लोगों की सेवा करते रहे हैं। वह अमेठी की गली-गली से परिचित हैं। किसी को संचालन भी तो करना होता है।
3 बजे होगा नामांकन
राहुल गांधी और केएल शर्मा के नामांकन के लिए पहुंचीं प्रियंका गांधी पहले अमेठी पहुंचीं। प्रियंका ने लोगों से कहा कि केएल शर्मा लंबे समय से यहां काम करते रहे हैं। उन्हें मौका दीजिए। गौरतलब है कि नामांकन के आखिरी दिन इन दोनों सीटों पर कांग्रेस पार्टी ने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है। आज ही दोपहर तीन बजे दोनों प्रत्याशियों का नामांकन किया जाएगा।
प्रियंका गांधी ने किशोरी लाल शर्मा के अमेठी से चुनाव लड़ने पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, किशोरी लाल शर्मा जी से हमारे परिवार का वर्षों का नाता है। अमेठी, रायबरेली के लोगों की सेवा में वे हमेशा मन-प्राण से लगे रहे। उनका जनसेवा का जज्बा अपने आप में एक मिसाल है।
आगे प्रियंका ने कहा कि आज खुशी का दिन है। कांग्रेस ने केएल शर्मा को अमेठी से प्रत्याशी बनाया है। जनता के प्रति सेवाभाव और समर्पण उन्हें विजयी बनाएगा। इस सीट पर राहुल गांधी ने साल 2004 में चुनाव लड़ा था और जीत गए थे। इसके बाद वह लगातार 2019 तक इस सीट से सांसद बनते आ रहे थे, लेकिन 2019 में बीजेपी प्रत्याशी स्मृति ईरानी ने उन्हें हराया था।