Loksabha Chunav 2024: उत्तर प्रदेश की दो बहुप्रतिक्षित हॉट सीटों पर बीजेपी ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। इन सीटों पर सभी की निगाहें टिकी हुई थी। भारतीय जनता पार्टी ने रायबरेली से दिनेश प्रताप सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है। कैसरगंज से सांसद बृजभूषण सिंह का टिकट काट दिया है और उनके बेटे करण भूषण को प्रत्याशी बनाया है।
करण भूषण बीजेपी सांसद बृजभूषण सिंह के पुत्र हैं। करण भूषण सिंह का जन्म 13 दिसंबर 1990 को हुआ था। करण भूषण सिंह के एक बेटी और एक बेटा है। वह डबल ट्रैप शूटिंग के नेशनल खिलाड़ी रह चुके हैं। करण भूषण विदेश से पढ़े लिखे हैं। बीजेपी ने पिता बृजभूषण के विवादों में रहने के बाद उनके बेटे को प्रत्याशी बनाया है।
करण भूषण ने ऑस्ट्रेलिया से बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई की है। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष हैं और वह पहली बार कोई चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसी ख़बर है कि करण भूषण तीन मई को अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। इसके लिए चार सेट नामांकन पत्र भी खरीदा गया है।
करन भूषण के बड़े भाई बीजेपी विधायक
बता दें कि, फरवरी 2024 में भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के बेटे करण भूषण को उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ का अध्यक्ष चुना गया था। अब वह लोकसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं। वहीं, करण भूषण के बड़े भाई प्रतीक भूषण सिंह बीजेपी के विधायक हैं।
Read Also: T-20 WC 2024: विश्वकप में पहली बार खेलेगी कनाडा टीम, 15 सदस्यीय टीम का ऐलान, साद बिन को कमान
दिनेश प्रताप सिंह कौन हैं?
ब्लॉक प्रमुख की राजनीति से शुरुआत करने वाले दिनेश प्रताप सिंह वर्तमान में योगी सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री हैं। पहली बार साल 2004 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर विधान परिषद का चुनाव लड़े थे, लेकिन बीजेपी के प्रत्याशी से चुनाव हार गए। बाद में 2007 में बसपा के प्रत्याशी के तौर पर तिलोई विधानसभा से विधानसभा का चुनाव लड़े, लेकिन वहां भी इन्हें शिकस्त का सामना करना पड़ा था। उसके बाद दिनेश प्रताप ने कांग्रेस में किस्मत आजमाई।
कांग्रेस में मिली ख्याति
कांग्रेस पार्टी में दिनेश प्रताप को कद, पद और ख्याति, तीनों ही मिले। पहली बार साल 2010 में एमएलसी बने और 2011 में उनकी भाभी जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं। फिर 2016 में दोबारा एमएलसी बने और इनके भाई जिला पंचायत अध्यक्ष बने। उनके एक भाई 2017 में हरचंदपुर से कांग्रेस पार्टी से विधायक बने। फिर 2019 के आते-आते इनका कांग्रेस पार्टी से मोहभंग हो गया और ये बीजेपी में शामिल हो गए। अब बीजेपी ने इन्हें रायबरेली से प्रत्याशी बनाया है।