Delhi Liquor Scam: दिल्ली के शराब घोटाले स जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सीएम अरविंद केजरीवाल की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। केजरीवाल ने सुप्रीम कोर्ट से अपनी गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका को वापस ले लिया है। इस बीच सामाजिक कार्यकर्ता और केजरीवाल के साथ आंदोलन के साथी रहे अन्ना हजारे का बयान सामने आया है। हजारे का कहना है कि मैंने कई केजरीवाल को चिट्ठी लिखी थी लेकिन मेरी बात नहीं मानी गई।
अन्ना ने कहा कि शराब नीति को लेकर मैंने दो बार चिट्ठी लिखी लेकिन मेरी बात को दरकिनार कर अपनी शर्तों को लेकर काम किया। अब दुख होता है कि वह इसी मामले में गिरफ्तार हो गए। हजारे ने कहा कि जब केजरीवाल और मनीष सिसोदिया नए-नए हमारे साथ आए थे, तब मैंने कहा था कि हमेशा देश की भलाई के लिए काम करना लेकिन, उन्होंने इस बात को ध्यान में नहीं रखा। आज दोनों इसका परिणाम भुगत रहे हैं।
अब मैं उन्हें कोई सलाह नहीं दूंगा, कानून और सरकार को जो करना हो वो करें। दिल्ली की नई शराब नीति नवंबर 2021 में लागू हो गई थी। लेकिन शुरू से ही ये नीति विवादों में रही। बाद में दिल्ली के तत्कालीन मुख्य सचिव ने एलजी वीके सक्सेना को रिपोर्ट सौंपी, जिसमें शराब नीति में गड़बड़ी का आरोप लगाया गया। बाद में सीबीआई ने केस दर्ज किया था। मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के लिए ईडी ने भी केस दर्ज कर लिया था।
बता दें कि, शराब नीति मामले में गुरुवार देर शाम ईडी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया था। इससे पहले ईडी केजरीवाल को पूछताछ के लिए 9 समन जारी कर चुकी थी लेकिन, बावजूद इसके केजरीवाल पूछताछ के लिए ईडी के सामने पेश नहीं हुए। बाद में प्रवर्तन निदेशालय ने कोर्ट का रूख किया था। कोर्ट के दखल के बाद केजरीवाल को ईडी के सामने पेश होने के लिए कहा गया था।
वहीं, अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली हाईकोर्ट से श्योरिटी मांगी थी कि उन्हें सुरक्षा और गिरफ्तार नहीं होने की गारंटी दी जाए। इसके बाद वह केन्द्रीय जांच एजेंसी के सामने पूछताछ के लिए पेश हो जाएंगे। गुरुवार दोपहर को हाईकोर्ट ने केजरीवाल की गिरफ्तारी पर रोक लगाने वाली याचिका को यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि गिरफ्तारी पर रोक नहीं लगाई जा सकती है। जांच एजेंसी शराब नीति मामले में पहले ही कोर्ट में सबूत पेश कर चुकी है।
Read Also: IPL 2024: CSK कप्तान MS Dhoni ने कप्तानी छोड़ी, गायकवाड को सौंपी गई कमान, RCB से कल होगा पहला मैच