Chhattisgarh Chunav 2023: कांकेर में पीएम मोदी ने भरी हुंकार, बोले- टॉप राज्यों में आएगा छत्तीसगढ़

Chhattisgarh Chunav 2023: पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रचार जोरों पर है। प्रधानमंत्री से लेकर गृह मंत्री और राज्यों के सीएम चुनावी हुंकार भर रहे हैं। गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के कांकेर में चुनावी हुंकार भरी। जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में बीजेपी के पक्ष में आंधी चल रही है।

कांकेर में बीजेपी के समर्थन में उमड़ा जनसैलाब इसकी बानगी है। बीजेपी छत्तीसगढ़ को देश के टॉप राज्यों में लाने के लिए प्रतिबद्ध है। हम हर गरीब और आदिवासी के विकास की गारंटी देते हैं। मोदी की गांरटी मतलब वादा पूरा होने की गारंटी।

लोगों ने देखी कांग्रेस की नाकामी- पीएम

इस दौरान पीएम ने कांग्रेस को निशाने पर लिया और कहा कि बीते पांच सालों में कांग्रेस की नाकामी आप लोग देख चुके हैं। इस सरकार में कांग्रेस के नेताओं, कोठियों और बंगलों का विकास हुआ है। कांग्रेस नेताओं के बच्चों और रिश्तेदारों का विकास हुआ है। कांकेर के गरीब, दलित, पिछड़े और आदिवासियों का विकास नहीं हुआ हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोगों को कांग्रेस ने टूटी-फूटी सड़कें दी हैं। आप लोगों को कांग्रेस ने बीमार-बदहाल स्कूल और अस्पताल दिए हैं। कांग्रेस ने सरकारी दफ्तरों में घूसखोरी का नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में आपको नौकरियों की बंदरबांट, हत्या, अपराध, हिंसा, यही सबकुछ मिला है। इसलिए छत्तीसगढ़ कह रहा है- अउ नइ सहिबो, बदल के रहिबो!

बीजेपी ने किया हर वादा पूरा- पीएम

उन्होंने आगे कहा कि गरीबों की हितैषी केवल एक सरकार बीजेपी की सरकार है। इस सरकार में हर वर्ग का समान विकास होता है। बीते 9 सालों में केन्द्र सरकार ने जो योजनाएं बनाई हैं, उन सभी योजनाओं का एक लक्ष्य विकास करना है। बीजेपी सरकार ने लोगों को पक्का घर देने की योजना बनाई है।

आजादी के बाद से कांग्रेस की सरकार देश में रही है लेकिन बावजूद इसके लोगों के पास शौचालय, गैस कनेक्शन, बैंक में खाता और पानी तक की सुविधा नहीं थी। बीजेपी की सरकार ने जनता से किया एक-एक वादा पूरा किया है। अब जनता के आशीर्वाद से देश को पूरी दुनिया में सम्मान मिलता है। भारत पूरे विश्व को शांति का संदेश दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *