नई दिल्लीःहरियाणा के नूंह में भड़की सांप्रदायिक हिंसा की आग भले अब ठंडी हो गई हो, लेकिन सियासी गलियारों में रह-रह कर इसकी चिंगारी सवालों और आरोप-प्रत्यारोप के रूप में देखने को मिल रही है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नूंह हिंसा पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस की मंशा पर सवाल उठाए हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि कांग्रेस के एक विधायक को पुलिस ने नोटिस दिया है। कुछ और विधायकों पर भी अंगुलियां उठ रही हैं, लेकिन कांग्रेस न तो उनकी निंदा कर रही है और न ही इसको लेकर कोई टिप्पणी ही कर रही है। कांग्रेस का यूं मौन रहना कहीं न कहीं दाल में कुछ काला नजर आता है।
सरकार की अपील पर लोगों का मिला पूरा सहयोग
हरियाणा विधानसभा के मॉनसून सत्र के दूसरे दिन सदन की कार्यवाही पूरी होने के बाद बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि नूंह हिंसा मामले में 300 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 160 से ज्यादा एफआईआर दर्ज की गई हैं। उन्होंने नूंह के लोगों व अन्य संगठनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हमने शांति बनाए रखने की अपील की थी, जिस पर नागरिकों व संगठनों का पूरा सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि सरकार ने लोगों से अपील की थी कि मंदिरों में ही जलाभिषेक का कार्यक्रम किया जाए। हम विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं, बजरंग दल और अन्य संस्थाओं के लोगों व संत महात्माओं के आभारी हैं, जिन्होंने मंदिरों में जलाभिषेक के कार्यक्रम को शांतिपूर्वक पूर्ण किया।
मंत्री संदीप सिंह मामले पर कही ये बात
राज्य मंत्री संदीप सिंह के मामले में विपक्ष द्वारा हाईकोर्ट के सिटिंग जज द्वारा न्यायिक जांच करवाने की मांग को लेकर पूछे गए सवाल पर मनोहर लाल ने कहा कि यह मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है। हालांकि, किसी भी स्थिति में जांच आयोग का गठन तब किया जाता है, जब किसी जांच एजेंसी द्वारा जांच पूरी कर ली गई हो और उसमें कोई कमी रह गई हो। उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है और हमें पुलिस की जांच पर भरोसा है।