नूंह हिंसा और CTET पर गर्माया मानसून सत्र, सरकार बोली-मोनू मानेसर को पकड़ने की कोशिश जारी

नई दिल्लीःहरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के आखिरी दिन मंगलवार को नूंह हिंसा के साथ-साथ नूंह में बिजली चोरी और सीटेट (CET) का मुद्दा उठा। फिरोजपुर के झिरका से कांग्रेस विधायक मामन खान ने नूंह में बिजली चोरी का मुद्दा उठाया, तो वहीं विधायक किरण चौधरी ने सीटेट का मुद्दा उठाते हुए हरियाणा में बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि राज्य में लोगों के पास नौकरी नहीं है। सीटेट के पेपर में सवाल रिपीट हुए हैं। 11 लाख से ज्यादा लोगों ने आवेदन किया, लेकिन केवल तीन लाख लोग पास हुए। उन्होंने कहा कि बच्चों का भविष्य अंधकार में नजर आ रहा है। उन्होंने पेपर बनाने वाली एजेंसी को खत्म करने की मांग की। साथ ही HSSC को बर्खास्त करने की भी मांग उठाई है।

इन लोगों को सरकार देगी दोबारा मौका

सदन में किरण चौधरी का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सीटेट में कोई गलत काम नहीं हुआ है। मनोहर लाल ने कहा कि कुल 64 ग्रुप बनाए गए है और सबकी अलग परीक्षा होगी। पहले हमने वो परीक्षा ली है, जिसमें संख्या ज्यादा थी। उन्होंने बताया कि सवाल रिपीट होने का मसला आया है, लेकिन अदालत में मामला विचाराधीन है और उसी के अनुसार आगे कदम उठाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो उम्मीदवार 52 साल से ऊपर के हैं और परीक्षा स्थगित होने के कारण वो ओवर एज हुए हैं, सरकार उन्हें दोबारा मौका देगी। उन्होंने कहा कि सीटेट में कोई गलत काम नहीं हुआ है।

नूंह हिंसा पर बोले विज- तोड़फोड़ करने वाले कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं

वहीं नूंह हिंसा को लेकर हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि इस मामले में पकड़े गए लोगों के साथ कांग्रेस के कनेक्शन हैं। विज ने कहा कि नूंह हिंसा मामले में दिखाए गए सारे वीडियो की जांच की जा रही है। इस मामले में पूछताछ के लिए कांग्रेस विधायक मामन खान को 30 अगस्त को बुलाया गया है। विज ने कहा कि जो लोग पकड़े गए हैं उनके कांग्रेस के साथ कनेक्शन हैं। जिन्होंने तोड़फोड़ की है वह कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं। इसके साथ ही विज ने कहा कि मोनू मानेसर को पकड़ने की कोशिश जारी है। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *