Hisar BJP RallY: शुक्रवार को हिसार में बीजेपी की गौरवशाली रैली का आयोजन किया गया। रैली में केन्द्रीय मंत्री संजीव बालियान और प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ ने मोदी सरकार की कल्याणकारी नीतियों का गुणगान किया। इस दौरान पूर्व केन्द्रीय बीरेंद्र सिंह ने पार्टी को नसीहत दे डाली। पूर्व केन्द्रीय मंत्री का कहना है कि जल्द ही जेजेपी से छुटकारा मिल जाना चाहिए। दुष्यंत एंड कंपनी से पार्टी को नुकसान हो रहा है।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने मंच से पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने देश के लिए बहुत कुछ किया है। आज पूरे विश्व में भारत की अलग ही छवि है। दुनियाभर में भारत के नाम का डंका बजता है। पीएम मोदी ने मेरे लिए बहुत कुछ किया है और मैं हमेशा उनका आभारी रहूंगा। केन्द्र में आज तक प्रदेश से पांच बड़े मंत्री बने है। जिसमें चार सीएम तक रह चुके हैं। चौधरी बंसीलाल, चौधरी भजनलाल, चौधरी देवीलाल और राव बीरेंद्र सिंह।
बीजेपी में आ जाए हुड्डा- बीरेंद्र सिंह
पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने कांग्रेस नेता भूपेन्द्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि वह गृह मंत्री अमित शाह को अपना मित्र बताते हैं। इसलिए हुड्डा को अब बीजेपी में आ जाना चाहिए। नहीं तो बीजेपी की बुराई करना छोड़ देना चाहिए। अच्छे नेता अब बीजेपी में आ गए हैं खराब लोग कांग्रेस में रह गए हैं।
देश में नहीं फटा कोई बम- संजीव बालियान
रैली में केन्द्रीय मंत्री संजीव बालियान ने बीरेंद्र सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि आपका सांसद बहुत पढ़ा लिखा है। अगर मुझे कोई बिल समझ नहीं आता तो मैं इनसे ही समझता हूं। इस समय केन्द्र की मोदी सरकार देश की आतंरिक सुरक्षा पर जोर दे रही है। देश को चारों ओर से सुरक्षित किया जा रहा है। बीजेपी सरकार में कहीं कोई बम नहीं फटा और देश के अंदर कोई आतंकी हमला नहीं हुआ।
संजीव बालियान ने आगे कहा कि हरियाणा की मंडिया बहुत शानदार है। यूपी के किसान हरियाणा में आकर अपनी फसल बेचते हैं। प्रदेश की मनोहर सरकार लगातार किसानों के विकास के लिए काम कर रही है। किसानों को उचित फसल मुआवजा और उत्पादन बढ़ाने के लिए जोर दे रही है।
इसके अलावा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ओपी घनखड़ ने कहा कि बीजेपी लगातार प्रदेश में सड़कों का बेहतर जाल फैला रही है। बाहर से आना वाला हर कोई हरियाणा की सड़कों की तारीफ करता है। जनता को लगना चाहिए कि बीजेपी सरकार में काम कैसा किया गया है। आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी की पूर्ण बहुमत से सरकार बननी चाहिए।