Bihar Weather: कहर बनकर आई बारिश, नवादा में 3 और प्रदेश में करीब एक दर्जन लोगों की वज्रपात से मौत

नवादा: पिछले एक महीने से बिहार में लोग भीषण गर्मी के कारण त्राहिमाम कर रहे थे। वहीं पिछले दो दिन से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत तो मिली ही है। इसके साथ ही किसानों के भी चेहरे खिल उठे हैं। हालांकि बारिश के दौरान वज्रपात से प्रदेश में करीब एक दर्जन लोगों की मौत हो गई। जमुई, मुंगेर, गया व खगड़िया में जहां एक-एक मौतें हुई हैं वहीं लखीसराय और शेखपुरा में दो-दो मौतें हुई हैं। इसके साथ ही नवादा में 3 लोगों के मौत की खबर है। इसके साथ ही 4 युवक बुरी तरीके से घायल बताए जा रहे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

बोरिंग का काम कराने गए 3 किसानों की मौत

दरअसल, बारिश के कारण धान बुवाई के लिए खेतों में पर्याप्त पानी हो गया है जिसको देखते हुए किसानों ने अब धान रोपने की प्रक्रिया शुरु कर दिया है। इस बीच वारसलीगंज के आजमपुर गांव में कुछ किसान खेत में बोरिंग का काम कराने पहुंचे थे। इस दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 4 लोग हादसे में बुरी तरह झुलस गए जिनको इलाज के लिए वारसलीगंज पीएचसी में भर्ती कराया गया है।

मकान पर आकाशीय बिजली गिरने से हुई मौत

मृतकों की पहचाना मोनू कुमार, अजय कुमार और अनिल झा के रूप में हुई है। जबकि गंभीर रूप से घायल सोनी कुमार और पवन कुमार को पावापुरी विम्स रेफर कर दिया गया है। वहीं शिवम और गौतम का वारसलीगंज में इलाज़ किया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घायल और मृतक सभी खेत में मौजूद थे। तभी अचानक जोरदार बारिश होने लगी और लोग पास के ही एक छोटे से मकान में छुप गए। लेकिन बारिश के दौरान उसी मकान पर वज्रपात हुआ, जिससे कई लोग इसकी चपेट में ले आ गए। मौत होने के बाद गांव में कोहराम मच गया।

अस्पताल पहुंची क्षेत्र की विधायक

इस हादसे की सूचना मिलने के बाद नवादा एसडीएम अखिलेश कुमार और पकरीबरावां एसडीपीओ महेश चौधरी समेत वरीय अधिकारी हालात का जायजा लेने मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही क्षेत्र की विधायक अरुणा देवी भी घायलों से मिलने अस्पताल पहुंची, जहां उन्होंने ग्रामीणों से स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल सभी शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *