Haryana Police: हरियाणा पुलिस लगातार साइबर अपराध पर शिकंजा कस रही है। नूंह जिले में साइबर जालसाजों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी मारी गई। इस छापेमारी के बाद पुलिस ने 100 करोड़ रुपए की ठगी का खुलासा कर दिया। पकड़े गए ठगों का जाल अंडमान निकोबार तक फैला है।
निकोबार तक फैला ठगों का जाल
इस दौरान पुलिस ने आरोपियों से सिम, लैपटॉप और नगदी बरामद की है। ठग फर्जी बनाए बैंक खातों में लोगों से पैसा डलवाते थे। यह जालसाज हरियाणा से राष्ट्रीय राजधानीदिल्ली और यूपी से लेकर अंडमान निकोबार तक लोगों को निशाना बना चुके हैं। इनके पकड़े जाने से देशभर में साइबर ठगी के लगभग 28,000केस ट्रेस हुए हैं।
पुलिस की 102 टीमों ने की छापेमारी
नूंह पुलिस अधीक्षक वरूण सिंगला ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि 27/28 अप्रैल की मध्यरात्रि को 5000 पुलिसकर्मियों की 102 टीमों ने जिले के 14 गांवों में एक साथ छापेमारी की थी। इस दौरान करीब 125 संदिग्ध हैकर्स को हिरासत में लिया गया। इनमें से 66 आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। सभी को अदालत में पेशकर 7 से 11 दिन की रिमांड पर लिया गया।
40 विशेषज्ञों की टीम तैयार
बता दे कि हरियाणा के पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार अग्रवाल ने इन साइबर अपराधियों से पूछताछ के लिए पूरे हरियाणा से 40साइबर विशेषज्ञों की एक टीम तैयार की। इस प्रकार साइबर विशेषज्ञों की मदद से पकड़े गए साइबर अपराधियों से लगातार पूछताछ की गई और साइबर धोखाधड़ी द्वारा अपनाई जा रही कार्यप्रणाली के साथ-साथ फर्जी सिम और बैंक खातों के स्रोतों के बारे में बड़ी जानकारी हासिल की गई।