शिमला: 18 अप्रैल से लेकर 21 अप्रैल तक भारत की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू हिमाचल के दौरे पर रहेंगी। राष्ट्रपति की सुरक्षा हेतु एसपीजी और हिमाचल पुलिस ने शिमला में मोर्चा संभाल लिया है। आज एसपीजी के बड़े पदाधिकारी शिमला पहुंचे हैं। प्रदेश सरकार ने उनकी सुरक्षा को लेकर शिमला में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है।
छह बटालियन की गई तैनात
छह बटालियनों से पुलिस कर्मचारी शिमला बुलाए गए हैं। सीआईडी अलग से उनकी सुरक्षा व्यवस्था में रहेगी। स्थानीय पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया है। करीब 1500 पुलिस अधिकारी और जवान सुरक्षा व्यवस्था में रहेंगे।
यह आदेश किये गए हैं जारी
राष्ट्रपति 18 अप्रैल को शिमला पहुंच रही हैं। 21 अप्रैल तक राष्ट्रपति निवास द रिट्रिट में रहेंगी। इसी दिन दोपहर को दिल्ली रवाना होंगी। पुलिस मुख्यालय ने हिमाचल के बॉर्डर एरिया को सील करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। चेकिंग के बाद ही वाहनों को हिमाचल में प्रवेश करने दिया जा रहा है।
विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में होंगी मुख्य अतिथि
पुलिस प्रशासन ने शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करते हुए बटालियन के जवानों के अलावा थानों के स्टाफ को सुरक्षा का जिम्मा दिया है। राष्ट्रपति विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि होंगी। सैकड़ों जवान विश्वविद्यालय समारोह स्थल के चप्पे-चप्पे की निगरानी में लगाए गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से शहर के प्रवेश द्वार पर भी गाड़ियों की चेकिंग की जा रही है।