Harbhajan Singh Ram Mandir Pran Pratistha: पूर्व भारतीय दिग्गज क्रिकेटर और आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने अपनी पार्टी और अन्य पार्टियों को दो टूक कहा कि कोई अयोध्या भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में जाए या ना जाए लेकिन वह जरूर जाएंगे। मेरी भगवान में आस्था है और आज मैं जो भी हूं भगवान के आशीर्वाद के कारण हूं।
हरभजन सिंह, सचिन तेंदुलकर, महेन्द्र धोनी और रविचंद्रन अश्विन समेत कई दिग्गज क्रिकेटरों को प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण मिला है। हरभजन सिंह का यह बयान कई राजनीतिक पार्टियों के अयोध्या निमंत्रण अस्वीकार करने के बाद आया है। हरभजन सिंह की आप पार्टी ने भी निमंत्रण अस्वीकार करने की बात कही थी।
मेरी भगवान में आस्था- हरभजन सिंह
हालांकि, बाद में अपने बयान से पलटते हुए दिल्ली में आम आदमी पार्टी की ओर से सुंदरकांड पाठ कराया गया था। जिसमें दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और उनकी पत्नी शामिल हुई थी। इसको लेकर हरभजन ने कहा, ‘यह हमारा सौभाग्य है कि इस समय यह मंदिर बन रहा है, इसलिए हम सभी को जाना चाहिए और आशीर्वाद लेना चाहिए, कोई भी जाए या न जाए, क्योंकि मेरी भगवान में आस्था है, मैं जरूर जाऊंगा…कोई फर्क नहीं पड़ता कि कौन सी पार्टी जाती है और कौन सी पार्टी नहीं, मैं जाऊंगा।
कांग्रेस पर कसा तंज
इस दौरान राज्यसभा सांसद ने दूसरी पार्टियों पर तंज कसा और कहा कि अगर कांग्रेस को जाना है तो जाए, अगर किसी को मेरे राम मंदिर जाने से कोई दिक्कत है, तो वे जो चाहें करें। मैं भगवान में विश्वास करता हूं, कोई मेरी जिंदगी में जो चीजें हो रही हैं, वो भगवान की कृपा है, मैं तो आशीर्वाद लेने जरूर जाऊंगा।