हरियाणा पहुंचे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रोड शो के साथ हुआ चुनावी शंखनाद…

संतोष कुमार सिंह

पंचकूला: तीन राज्यों में मिले जीत के बाद से ही भाजपा में उत्साह है और विपक्ष के हर सवाल पर इंडिया गंठबंधन में फूट और जनता के सवाल पर मोदी की गारंटी को तुरूप का इक्का माना जा रहा है वहीं कांग्रेस हार का ठीकरा किसके सर फोड़ा जाये इस मंथन की प्रक्रिया से भी नहीं उबर पाई है और नव नवेले गठबंधन का स्वरूप कैसा हो इसको लेकर तालमेल बिठाने में लगी हुई है। इस बीच भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा हरियाणा लोकसभा की दस की दस सीटे जीतने और विधानसभा चुनाव में हैट्रिक जमाने का लक्ष्य लिये आज हरियाणा के दौरे पर हैं जहां उन्होंने पंचकूला में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ रोड शो किया। 

इस रोड शो के दौरान उन्होंने एक तरफ मोदी की गारंटी को लेकर लोगों को आश्वस्त किया वहीं मनोहर लाल के विकास योजना को लेकर लोगों का मन टटोला। साथ ही इसी माह 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला का प्राण प्रतिष्ठा भी होना है तो उस खास दिन पर लोगों से राम ज्योति जलाने का आह्वान भी किया।

पंचकूला के टैंक चौक से शुरू हुआ पार्टी अध्यक्ष और प्रदेश के मुखिया का रोड शो शहीद मेजर संदीप सांकला चौक तक गया। इस रोड शो में भाजपा के विधायक, सांसद और मंत्रिमंडल के सदस्य भी शामिल हुए।

कोर ग्रुप की बैठक के साथ करेंगे बैठक

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा भाजपा के विधायक व सांसदों के साथ बैठक करेंगे। उसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हरियाणा भाजपा की कोर ग्रुप की मीटिंग में हिस्सा लेंगे। इसमें मुख्यमंत्री समेत हरियाणा के सभी प्रमुख नेता शामिल होंगे। बैठक में लोकसभा चुनाव की तैयारी, संगठन में पदाधिकारियों की नियुक्ति और गठबंधन पर भी चर्चा की जाएगी।

read also: Bharat Jodo Nyay Yatra का लोगो-टैगलाइन जारी, राहुल बोले- ‘हम फिर आ रहे हैं अपनों के बीच’

बड़ा लक्ष्य, बड़ा प्रयास

मोदी जी की गारंटी और मनोहर लाल के विकास कार्यों के परीक्षा का पैमाना ये है कि एक तरफ भाजपा पिछली बार की तरह हरियाणा लोकसभा की दस की दस सीटे जीतने का लक्ष्य रखे हुए है वहीं विधानसभा चुनाव में भी पार्टी के समक्ष तीसरी बार मनोहर सरकार लाने की भी चुनौती है तभी डबल इंजन की सरकार की गाड़ी संतुलन के साथ पटरी पर दौड़ पायेगी जैसे अब तक चलती आ रही है। इस लिहाज से शनिवार को होनी वाली कोर ग्रुप की बैठक काफी महत्वपूर्ण होने वाली है। इसमें प्रदेश में चल रहे विकसित भारत संकल्प यात्रा को लेकर भी फीडबैक लिया जाएगा।

read also: Ayodhya: 82 डीएसपी…90 इंस्पेक्टर और 1000 से ज्यादा जवान, कई जोन में बांटी गई रामनगरी

जाहिर है इस बैठक में पिछले दिनों पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह व जेपी नड्डा के नेतृत्व में हुई राष्ट्रीय बैठक में लिए गए फैसले और और माइक्रो स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए बनाई गई रणनीति से अवगत कराया जाएगा। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अब प्रदेश में केंद्रीय मंत्रियों का आना भी लगा रहेगा। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं के बारे में बड़ी जनसभाएं एवं रैलियां की जाएंगी। भाजपा की नीतियों से अवगत करवाने के लिए घर-घर कार्यकर्ताओं को भेजा जाएगा। आने वाले दिनों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हरियाणा में बड़ी रैली करेंगे। उनके साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की भी बड़ी रैलियां आयोजित होंगी। क्योंकि हर हाल में पार्टी तीसरी बार मोदी सरकार के घोषित एजेंडे के साथ काम कर रही है और उसमें हरियाणा के 10 संसदीय सीटों का योगदान अहम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *