मेक इन इंडिया का ब्रांड एंबेसडर बन रहा तमिलनाडु: नरेंद्र मोदी

संतोष कुमार सिंह-

तिरुचिरापल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों तमिलनाडु के दौरे पर है। इस क्रम में आज उन्होंने तमिलनाडु के में 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसमें अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नए टर्मिनल भवन भी शामिल है।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि 2024 में मेरा पहला सार्वजनिक कार्यक्रम तमिलनाडु में हो रहा है। आजादी का अमृतकाल, यानि आने वाले 25 साल भारत को डेवलप्ड नेशन बनाने के हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब मैं विकसित भारत की बात करता हूं तो इसमें आर्थिक और सांस्कृतिक, दोनों पहलू शामिल हैं।

मेक इन इंडिया का ब्रांड एंबेसडर बन रहा तमिलनाडु
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की विकास यात्रा को रेखांकित करते हुए कहा कि आज भारत शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है, आज भारत दुनिया में एक नई उम्मीद बनकर उभरा है। बड़े निवेशक देश में निवेश कर रहे हैं और इसका फायदा तमिलनाडु और देश की जनता को मिल रहा है। तमिलनाडु मेक इन इंडिया का बड़ा ब्रांड एंबेसडर बन रहा है।

तमिलनाडु के लोगों के साथ खड़ी है सरकार- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा,’पिछले कुछ सप्ताह तमिलनाडु के लोगों के लिए मुश्किल भरे रहे। हमने भारी बारिश के कारण कई लोगों को खोया है। संपत्ति का भी भारी नुकसान हुआ है। केंद्र सरकार इस मुश्किल समय में तमिलनाडु के लोगों के साथ खड़ी है। हम राज्य सरकार को हर तरह की संभव मदद उपलब्ध करा रहे हैं।’

‘तमिल संस्कृति के बारे में बहुत कुछ सीखा’
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को तमिलनाडु की जीवंत संस्कृति और विरासत पर गर्व है। मेरे कई तमिल मित्र थे और मुझे उनसे तमिल संस्कृति के बारे में बहुत कुछ सीखने को मिला। मैं दुनिया में जहां भी जाता हूं, मैं खुद को तमिलनाडु के बारे में बात करने से नहीं रोक सकता। पवित्र सेनगोल को नए संसद भवन में स्थापित किया गया, जो सुशासन के उस मॉडल से प्रेरणा लेने का एक प्रयास है, जो तमिल विरासत ने देश को दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *