बस्तर में जवानों के बीच बोले PM मोदी, जंगलों से नक्सली खत्म हुए लेकिन दिमागी नक्सली अब भी मौजूद

Diwali 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवाली के मौके पर छत्तीसगढ़ के बस्तर में जवानों के साथ त्योहार मनाया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा बलों के शौर्य और बलिदान की सराहना करते हुए कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में देश ने बड़ी सफलता हासिल की है। जंगलों से नक्सलियों का सफाया हो चुका है, लेकिन दिमागी नक्सली अब भी मौजूद हैं। इसलिए खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जब देश की आंतरिक सुरक्षा मजबूत होती है, तभी बाहरी दुश्मन भी कमजोर पड़ता है।

जवानों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह नक्सलवाद के खिलाफ जीत के बाद पहली दिवाली है। इस उपलब्धि का श्रेय सुरक्षा बलों के साहस, शौर्य और समर्पण को जाता है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था, जब नक्सलियों के मारे जाने से ज्यादा संख्या में जवान शहीद होते थे और नक्सली संगठनों के मुखिया जश्न मनाते थे। उस समय की सरकारों ने नक्सलवाद को लाइलाज बीमारी मानकर छोड़ दिया था। लेकिन देश इस सोच के साथ आगे नहीं बढ़ सकता कि हालात ऐसे ही चलते रहेंगे।

2014 के बाद बदली नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के दुश्मनों का मुकाबला करने के लिए मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति जरूरी होती है। वर्ष 2014 में उनकी सरकार बनने के बाद यह कमी दूर हुई और हालात बदलने लगे। उन्होंने दावा किया कि पिछले 47 साल में पहली बार ऐसा हुआ कि एक साल में सीआरपीएफ के एक भी जवान को अपनी जान नहीं गंवानी पड़ी। यह सुरक्षा बलों के साहस, संयम और शौर्य का परिणाम है।

पीएम मोदी ने कहा कि पहले की सरकारों ने सुरक्षा बलों के हाथ बांध रखे थे, जबकि उनकी सरकार ने जवानों को फैसले लेने की पूरी आजादी दी। इसके साथ ही वामपंथी उग्रवाद को मिलने वाले समर्थन पर भी रोक लगाने का काम किया गया। सरकार का लक्ष्य था कि किसी मां की गोद सूनी न हो और किसी युवा का भविष्य बर्बाद न हो। इसी संकल्प के साथ लगातार काम किया गया और माओवादी आतंकवाद की कमर तोड़ी गई।

जवानों को बताया अपना परिवार

अपने संबोधन की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने कहा कि देश और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में भारतीय दीपावली मना रहे हैं। यह परिवारों के एक साथ आने और त्योहार मनाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि वह भी जवानों के बीच दिवाली मनाने आए हैं। सीमाओं और देश के भीतर सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले सभी जवान उनके परिवार का हिस्सा हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि बस्तर की धरती पर कभी नक्सलवाद का आतंक था, लेकिन जवानों के त्याग और समर्पण से यहां खतरा समाप्त हुआ है और विकास की नई धारा शुरू हुई है।

2026 की दिवाली को बताया खास

प्रधानमंत्री ने कहा कि 2026 की दिवाली कई मायनों में खास है। दशकों से नक्सलवाद और माओवादी आतंक के खिलाफ चल रही लड़ाई में मिली सफलता के बाद यह पहली दिवाली है। उन्होंने कहा कि देश के हर जिले के नक्सलवाद से मुक्त होने और करोड़ों लोगों को इसके डर से राहत मिलने में सुरक्षा बलों की बड़ी भूमिका है। इसी उपलब्धि के सम्मान में वह जवानों के साथ दिवाली मनाने बस्तर पहुंचे हैं।

इससे पहले पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर बस्तर जाने की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि वह बहादुर सुरक्षा बलों के साथ दिवाली मनाने जा रहे हैं। यह वही इलाका है, जहां कभी नक्सलवाद का प्रभाव था और अब विकास तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *