दिल्ली में आयोजित फिल्म एक्सपो इंडिया कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फिल्म जगत और युवा फिल्मकारों को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं। उन्होंने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज का दर्पण होने के साथ-साथ उसे नई दिशा देने की ताकत भी रखता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म निर्माण से जुड़े पूरे तंत्र को एक मंच पर लाने की दिशा में फिल्म एक्सपो का आयोजन एक अभिनव प्रयास है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन सिर्फ फिल्मों की प्रदर्शनी तक सीमित नहीं है। इसमें कल्पना, प्रतिभा और तकनीक का संगम देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया में सबसे ज्यादा फिल्में बनाने वाले देशों में शामिल है और भारतीय सिनेमा की असली ताकत उसकी भाषाई और सांस्कृतिक विविधता में भी है।
युवा फिल्मकारों को दी खास सलाह
सीएम नायब सिंह सैनी ने युवा फिल्मकारों से अपनी जड़ों से जुड़े रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि भविष्य में वही फिल्मकार सफल होगा, जो नई तकनीक को खुले मन से अपनाएगा। हालांकि, तकनीक के साथ अपनी संस्कृति और मिट्टी से जुड़ी कहानियों को भी बनाए रखना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा फिल्मकार अपनी कहानियों में अपनी मिट्टी की खुशबू को बनाए रखें और अपनी जड़ों से न कटें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘क्रिएट इन इंडिया, क्रिएट फॉर द वर्ल्ड’ के विजन का भी उल्लेख किया।
हरियाणा में फिल्म निर्माण को बढ़ावा
मुख्यमंत्री सैनी ने हरियाणा को कहानियों की धरती बताते हुए कहा कि प्रदेश में एक तरफ गांव की चौपाल है तो दूसरी तरफ साइबर सिटी। यह विविधता फिल्मकारों को अलग-अलग तरह की कहानियां देने की क्षमता रखती है। उन्होंने बताया कि रोहतक स्थित स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स के जरिए फिल्म निर्माण और तकनीकी प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है। विश्वविद्यालय के सहयोग से एक बड़े फिल्म महोत्सव के आयोजन का प्रस्ताव भी है।
शूटिंग के लिए सिंगल विंडो व्यवस्था
सीएम सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने फिल्म एवं मनोरंजन नीति-2022 लागू करके प्रदेश में फिल्म निर्माण के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया है। शूटिंग की अनुमति प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया है।उन्होंने सिने आर्टिस्ट वेलफेयर ट्रस्ट और फिल्म एक्सपो को आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन फिल्म निर्माण से जुड़े कलाकारों, तकनीकी विशेषज्ञों और अन्य लोगों को एक साथ आने का अवसर देते हैं।