Haryana News: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि हरियाणा सरकार ने कुरुक्षेत्र में ब्रह्मसरोवर और आसपास के इलाकों के विकास की व्यापक योजना तैयार कर ली है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के हर चौक के टेंडर लगभग पूरे हो चुके हैं, जबकि विश्रामगृह के टेंडर की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है।
मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि सरकार का ध्येय कुरुक्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर के धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है। उन्होंने याद दिलाया कि हाल ही में गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी समागम के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं कुरुक्षेत्र पहुंचे थे और इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
बन रहा गीता द्वार
CM सैनी ने आगे बताया कि कुरुक्षेत्र में गीता द्वार के नवीनीकरण का कार्य भी तेज गति से चल रहा है। इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुरुक्षेत्र में ही एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का उद्घाटन किया था। इस एलिवेटेड ट्रैक के कारण शहर के छह रेलवे फाटकों से निजात मिल गई है, जिससे यातायात व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी प्रयास कुरुक्षेत्र की धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन महत्व को और बढ़ाने वाले हैं। सरकार क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। ब्रह्मसरोवर क्षेत्र का विकास न केवल स्थानीय लोगों के लिए बल्कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए भी लाभकारी साबित होगा।
सरकार की इन योजनाओं से कुरुक्षेत्र शीघ्र ही विश्व स्तर पर एक प्रमुख तीर्थ स्थल के रूप में स्थापित होने की ओर अग्रसर है।