‘मन की बात’ में PM मोदी का युवाओं पर फोकस, बोले- ‘देश में यंग क्रिएटर्स की कमी नहीं’

PM Narendra Modi

Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड में युवाओं, इतिहास, नशामुक्त भारत और महिला सशक्तिकरण समेत कई मुद्दों पर बात की। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ ऐसा मंच है, जहां देश में हो रहे नए प्रयासों और नए विचारों को सामने लाने का अवसर मिलता है। पीएम मोदी ने युवाओं से इतिहास को रोचक तरीके से समझने के लिए एक वेबसाइट का इस्तेमाल करने की भी अपील की।

पीएम मोदी ने मुंबई के कृष्णा शेषाद्रि द्वारा तैयार की गई bharatrajya.com वेबसाइट का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वेबसाइट पर किसी एक साल को चुनने पर यह जानकारी मिल सकती है कि उस समय भारत के अलग-अलग हिस्सों पर किसका शासन था। प्रधानमंत्री ने कहा कि कृष्णा शेषाद्रि की यह पहल इतिहास के छात्रों के साथ-साथ उन लोगों के लिए भी उपयोगी है, जो इतिहास को दिलचस्प तरीके से समझना चाहते हैं।

नशामुक्त भारत के लिए एकजुट होने की अपील

‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से भारत को नशामुक्त बनाने के अभियान में एकजुट होकर योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है और बड़ी संख्या में युवा इससे जुड़ रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना और देश को ड्रग्स से मुक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि नशे की लत का असर सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है।

पीएम स्वनिधि योजना में 46 फीसदी महिलाएं

प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तिकरण से जुड़े पीएम स्वनिधि योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस योजना से लाखों माताओं और बहनों को अपने कारोबार को आगे बढ़ाने में मदद मिल रही है। पीएम मोदी के मुताबिक, योजना के लाभार्थियों में करीब 46 प्रतिशत महिलाएं हैं। यानी देशभर में लगभग 35 लाख महिलाएं इससे जुड़कर अपने कारोबार को आगे बढ़ा रही हैं।

मिशन शक्तिसैट का भी किया जिक्र

पीएम मोदी ने मिशन शक्तिसैट की भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि इसके जरिए 108 देशों की 12 हजार छात्राओं को उपग्रह तकनीक सीखने और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में इस मिशन की एक सुंदर तस्वीर देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *