Kanwar Yatra-2026: कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान राजधानी में लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने लोगों को घर से निकलने से पहले अपने रूट की जानकारी लेने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। अधिकारियों के अनुसार, कांवड़ियों की आवाजाही और विभिन्न स्थानों पर लगाए गए कांवड़ शिविरों के कारण कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ सकता है।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक नजफगढ़ फिरनी रोड, रोहतक रोड, पंखा रोड, देव प्रकाश शास्त्री मार्ग, नांगलोई-नजफगढ़ रोड और आउटर रिंग रोड पर सबसे अधिक भीड़ रहने की संभावना है। इन मार्गों पर वाहनों की गति धीमी रह सकती है और कई स्थानों पर जाम की स्थिति भी बन सकती है।
कांवड़ियों के लिए तय किए गए विशेष रूट
बता दें कि यात्रा को सुचारु बनाए रखने के लिए पैदल कांवड़ियों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। रोहतक रोड रूट पर जखीरा, मादीपुर, पीरागढ़ी चौक, नांगलोई चौक, मुंडका और टिकरी बॉर्डर तक मार्ग तय किया गया है। वहीं, नजफगढ़ रोड रूट पर जखीरा, उत्तम नगर, नजफगढ़ फिरनी रोड और झरोदा बॉर्डर शामिल हैं। इसके अलावा आउटर रिंग रोड पर मधुबन चौक, पीरागढ़ी चौक, केशोपुर मंडी और जनकपुरी डिस्ट्रिक्ट सेंटर, जबकि देव प्रकाश शास्त्री मार्ग पर रत्तनपुरी चौक से लोहा मंडी तक कांवड़ियों की आवाजाही रहेगी। पुलिस ने आम वाहन चालकों को इन मार्गों से बचने और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी है।
यात्रियों के लिए ट्रैफिक पुलिस की सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपने रूट की योजना बना लें और जहां संभव हो, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। सड़क किनारे वाहन खड़े करने से बचें, ताकि यातायात बाधित न हो। यदि कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। वहीं, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को अजमेरी गेट की बजाय पहाड़गंज की ओर से स्टेशन पहुंचने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने कहा कि ऑफिस, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट या अन्य जरूरी काम से निकलने वाले लोग ट्रैफिक अपडेट देखकर ही यात्रा करें। समय से पहले घर से निकलना, वैकल्पिक मार्ग अपनाना और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करना यात्रा को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएगा।