Rudraprayag Rain update: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही बारिश के चलते हालात बिगड़ने लगे हैं। अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर बढ़ने के बाद जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों को नदी किनारे जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। खराब मौसम को देखते हुए स्कूल-कॉलेज भी बंद कर दिए गए हैं।
रुद्रप्रयाग जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से जारी मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन की ओर से नदी तटों की लगातार निगरानी की जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे बारिश के दौरान बेवजह घर से बाहर न निकलें।
मंदाकिनी के जलस्तर पर प्रशासन की नजर
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी (DDMO) नंदन सिंह राजवार ने बताया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक चमोली और केदारनाथ समेत ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों में भारी बारिश हुई है। इसका असर रुद्रप्रयाग की नदियों पर भी पड़ा है। मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ा है, हालांकि फिलहाल यह चेतावनी स्तर से नीचे है।
उन्होंने कहा कि यदि नदी का जलस्तर तेजी से बढ़कर चेतावनी स्तर को पार करता है तो स्थानीय प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें तुरंत सक्रिय होंगी। लोगों को नदी तटों से दूर रहने की चेतावनी दी जाएगी। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है।
कई जिलों में मौसम का अलर्ट
उत्तराखंड के कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। IMD ने देहरादून, चमोली और बागेश्वर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं हरिद्वार, टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
लगातार बारिश और आने वाले दिनों के मौसम पूर्वानुमान को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन से फोन पर बातचीत कर प्रदेश के अलग-अलग जिलों की स्थिति की समीक्षा की।
यात्रियों और पर्यटकों को सलाह
विनोद कुमार सुमन ने बताया कि मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसके मद्देनजर संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है और राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र प्रदेशभर की स्थिति पर नजर रख रहा है।
प्रशासन ने उत्तराखंड आने वाले यात्रियों और पर्यटकों से मौसम की चेतावनियों को गंभीरता से लेने की अपील की है। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और जरूरी होने पर ही सफर करने की सलाह दी गई है। यात्रियों से कहा गया है कि यात्रा शुरू करने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की ताजा जानकारी जरूर लें।