दिल्ली की छात्राओं को मिली नई उड़ान, सीएम रेखा गुप्ता ने बांटीं 3000 से अधिक साइकिलें

CM Rekha Gupta distributed bicycles: दिल्ली सरकार ने छात्राओं की शिक्षा और सुरक्षित आवागमन को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को ईस्ट विनोद नगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ‘विद्या वाहिनी योजना’ के तहत सरकारी स्कूलों की कक्षा 9 की 3,000 से अधिक छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं।

इस अवसर पर दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, कैबिनेट मंत्री आशीष सूद, विधायक रविंद्र नेगी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य बेटियों के लिए स्कूल तक पहुंच आसान बनाना, उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सहयोग देना है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्राओं को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराना भी सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि किसी भी बेटी की पढ़ाई केवल आने-जाने की परेशानी या आर्थिक कारणों से प्रभावित न हो।

1.40 लाख छात्राओं तक पहुंचेगा योजना का लाभ

सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि यह अभियान केवल शुरुआत है। सरकार का लक्ष्य अगले एक महीने के भीतर चरणबद्ध तरीके से दिल्ली के सरकारी विद्यालयों में कक्षा 9 में पढ़ने वाली 1.40 लाख से अधिक छात्राओं को साइकिलें उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इससे छात्राओं के लिए स्कूल तक पहुंचना आसान होगा और उनकी पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद तथा अन्य गतिविधियों में भागीदारी भी बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें पूरी लगन से पढ़ाई करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बेटियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

शिक्षा, सुरक्षा और आत्मविश्वास को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘विद्या वाहिनी योजना’ केवल साइकिल वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह छात्राओं के आत्मविश्वास और सशक्तिकरण से जुड़ा अभियान है। उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से छात्राओं की स्कूल तक पहुंच आसान होगी, नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और परिवारों पर परिवहन का आर्थिक बोझ भी कम होगा।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हर बेटी बिना किसी बाधा के शिक्षा प्राप्त करे और अपने जीवन में आगे बढ़े। उनके अनुसार, यह योजना छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए नई ऊर्जा और विश्वास भी देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *