नई दिल्ली: छठ महापर्व से पहले दिल्ली और बिहार के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए नई बस सेवा शुरू करने की तैयारी है। दिल्ली और बिहार सरकार के बीच जल्द ही समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर होंगे। इसके बाद दिल्ली से बिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर के लिए विशेष अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू की जाएगी।
दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह के मुताबिक, बिहार सरकार के परिवहन विभाग के साथ सितंबर में MoU पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसके बाद दिवाली के तुरंत बाद और छठ महापर्व से पहले बस सेवा शुरू करने की योजना है।
पहले चरण में चलेंगी 70 EV बसें
योजना के पहले चरण में करीब 70 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। ये बसें दिल्ली से बिहार के छह शहरों के बीच नियमित रूप से संचालित होंगी। यह सेवा सिर्फ छठ तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे साल रोजाना चलाने की योजना है। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर भविष्य में बसों की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है।
त्योहारों में महंगे सफर से मिलेगी राहत
परिवहन मंत्री के मुताबिक, दिल्ली से बिहार जाने वाले कई यात्री ट्रेन या निजी बस ऑपरेटरों पर निर्भर रहते हैं। त्योहारों के दौरान निजी बसों का किराया कई गुना बढ़ने से यात्रियों को महंगा सफर करना पड़ता है। सरकारी बस सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को उचित किराए पर सुरक्षित और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने की योजना है। इससे निजी बस ऑपरेटरों की मनमानी पर भी अंकुश लगने की उम्मीद है।
AC और नॉन-AC बसों का मिलेगा विकल्प
इन रूटों पर सेमी-स्लीपर डीलक्स बसें चलाई जाएंगी। इनमें AC और नॉन-AC दोनों श्रेणियां उपलब्ध होंगी। दिल्ली से बिहार के इन शहरों तक बस से सफर में करीब 16 घंटे लगेंगे।
बस सेवा के संचालन के लिए आनंद विहार में 13.5 मीटर चौड़ा अत्याधुनिक बस टर्मिनल विकसित किया जा रहा है। इसे सभी रूटों के प्रमुख हब के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा। सरकार के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य दिल्ली और बिहार के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करना, प्रवासी श्रमिकों और पूर्वांचल के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा देना और त्योहारों के दौरान यात्रा को सुरक्षित, आरामदायक और किफायती बनाना है।