चंबा में घर पर गिरा 10 टन वजनी पत्थर, बाल-बाल बचा परिवार

Rain and landslide in himachal: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच भूस्खलन ने एक बार फिर तबाही मचा दी। मंगलवार देर रात सरोल गांव की अपर घोलटी में एक विशाल चट्टान परविंदर कुमार के घर की छत पर आ गिरी। करीब 100 क्विंटल (लगभग 10 टन) से अधिक वजनी पत्थर के गिरने से पक्के मकान का लेंटर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घर में रखा सामान भी नष्ट हो गया। हालांकि, घटना के समय परिवार के सदस्य दूसरे कमरे में होने के कारण बड़ा हादसा टल गया।

बताया जा रहा है कि पहाड़ी से गिरा यह विशाल पत्थर रास्ते में पेड़ों और खेतों को नुकसान पहुंचाता हुआ मकान तक पहुंचा। यदि यह घर के अंदर वाले कमरों पर गिरता तो जनहानि भी हो सकती थी। घटना के बाद प्रशासन और स्थानीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया।

पीड़ित परिवार को मिली प्रारंभिक राहत

जिला परिषद उपाध्यक्ष लियाकत अली ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर प्रशासन की ओर से ₹25 हजार की तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराई। साथ ही राजस्व विभाग को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रभावित परिवार को सरकारी नियमों के तहत अधिकतम ₹7 लाख तक का मुआवजा दिया जा सकता है। इसके अलावा राहत किट में राशन, कपड़े और अन्य जरूरी सामान भी उपलब्ध कराया जाएगा।

बारिश और भूस्खलन से कई इलाकों में भारी नुकसान

चंबा जिले में लगातार बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से व्यापक नुकसान हुआ है। सुल्तानपुर क्षेत्र में 25 से अधिक मकान और एक दुकान क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि उदयपुर-गोल्थी-नवोदय मार्ग पर भूस्खलन के बाद कारों, ट्रकों और दोपहिया वाहनों समेत एक दर्जन से अधिक वाहन मलबे में दब गए। कई रिहायशी इलाकों में मलबा भर गया है और तडोली नाले के तेज बहाव से एक दुकान पूरी तरह तबाह हो गई।

राज्य आपात अभियान केंद्र के अनुसार, भारी बारिश के चलते प्रदेश में 178 सड़कें बंद हैं। इनमें सबसे अधिक 58 सड़कें मंडी, 42 कुल्लू, 30 चंबा, 26 सिरमौर और 16 शिमला जिले में प्रभावित हैं। इसके अलावा 107 जलापूर्ति परियोजनाएं और 62 बिजली ट्रांसफॉर्मर भी प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *