दिल्ली में सुरक्षा अलर्ट: अगले आदेश तक 16 मेट्रो स्टेशन बंद, इंटरचेंज सेवा सीमित स्टेशनों पर जारी

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जारी विरोध-प्रदर्शनों और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने बड़ा कदम उठाया है। सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय के बाद शहर के 16 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला लिया गया है। हालांकि, राजीव चौक और केंद्रीय सचिवालय स्टेशन पर इंटरचेंज सुविधा पहले की तरह उपलब्ध रहेगी, लेकिन यात्रियों को स्टेशन परिसर से बाहर निकलने या प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।

सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया फैसला

दिल्ली के जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस क्षेत्र में पिछले दो दिनों से प्रदर्शन और तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। सोमवार को संसद कूच के दौरान हुए हंगामे के बाद मंगलवार रात भी कुछ स्थानों पर उपद्रव और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी, जबकि DMRC ने एहतियात के तौर पर संवेदनशील इलाकों के मेट्रो स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया।

DMRC के अनुसार, यह कदम यात्रियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है। हालात सामान्य होने के बाद ही स्टेशनों को दोबारा खोले जाने पर निर्णय लिया जाएगा।

ये 16 मेट्रो स्टेशन रहेंगे बंद

अगले आदेश तक जिन स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद रहेगा, उनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम शामिल हैं। इनमें राजीव चौक और केंद्रीय सचिवालय पर केवल इंटरचेंज सुविधा चालू रहेगी।

जंतर-मंतर के आसपास पुलिस की कड़ी निगरानी

दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक और बाराखंभा रोड मेट्रो स्टेशन के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस आने-जाने वाले लोगों पर नजर रख रही है और जंतर-मंतर की ओर बढ़ने वालों की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय भी लागू किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *