PM मोदी ने देशभर के 75 अमृत भारत स्टेशनों का किया उद्घाटन, दो नई एक्सप्रेस ट्रेनों को भी दिखाई हरी झंडी

जालंधर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पंजाब के जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन से भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण अभियान को नई गति देते हुए देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया तथा दो नई एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई। इन परियोजनाओं का उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और देशभर में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करना है।

75 स्टेशनों को मिला नया स्वरूप

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित इन स्टेशनों पर यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। स्टेशनों पर बेहतर प्रतीक्षालय, आधुनिक प्रवेश द्वार, डिजिटल सूचना प्रणाली, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ परिसर और स्थानीय संस्कृति से प्रेरित डिजाइन विकसित किए गए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण देश के विकास और यात्रियों की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।

दो नई एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरुआत

प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर दो नई एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई। पहली अमृतसर (छेहरटा)-वाराणसी एक्सप्रेस है, जिससे पंजाब और उत्तर प्रदेश के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे धार्मिक पर्यटन, विशेषकर श्री गुरु रविदास जी के श्रद्धालुओं और काशी जाने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा होगी।

दूसरी करटोली पंजाब-अंबाला एक्सप्रेस है, जो पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बीच यात्रा को आसान बनाएगी। यह ट्रेन दौलतपुर चौक, अंब अंदौरा, ऊना, नंगल डैम, आनंदपुर साहिब, रूपनगर, मोरिंडा, सरहिंद और राजपुरा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।

रेल और सड़क परियोजनाओं को मिली रफ्तार

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने पंजाब में 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इन परियोजनाओं से राज्य में परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और लोगों की आवाजाही पहले से अधिक सुगम होगी।

इन 75 अमृत भारत स्टेशनों का हुआ लोकार्पण

राज्यस्टेशन
महाराष्ट्रनांदुरा, बारामती
मध्य प्रदेशजुन्नोर देव, हरपालपुर, छतरपुर, टीकमगढ़, अशोक नगर, सांची, शिवपुरी, विदिशा, ब्योहारी, बालाघाट, छिंदवाड़ा, नैनपुर जंक्शन, भिंड
ओडिशातालचेर, बलांगीर, बरपाली, केसिंगा, पारलाखेमुंडी, बिमलगढ़, बारिपदा
बिहारशिवनारायणपुर
राजस्थानडीग, सोमेसर, दौसा, खैरथल, बाड़मेर, गोटन, गंगापुर सिटी, जैसलमेर
उत्तर प्रदेशफतेहपुर, मोदीनगर, शामली, पनकी धाम, धामपुर, विंध्याचल, ऐशबाग जंक्शन
पश्चिम बंगालजलपाईगुड़ी रोड, हल्दीबाड़ी
असममजबाट
हरियाणानरवाना, कालका
पंजाबजालंधर कैंट, आनंदपुर साहिब, मुक्तसर, मोहाली
उत्तराखंडहर्रावाला
हिमाचल प्रदेशअंब अंदौरा
आंध्र प्रदेशरायनपाडु, कंबम, मंगलागिरि
तेलंगानाहाई-टेक सिटी
छत्तीसगढ़चांपा, बालोद, सरोना
झारखंडमुरी, पिस्का
केरलनिलंबूर रोड, परप्पनंगडी, थालास्सेरी, तिरुर, अंगमाली फॉर कालडी, चालाकुडी
तमिलनाडुचिन्ना सलेम, चेन्नई पार्क, कुन्नूर
कर्नाटकबंटवाला, अलनावर, बादामी, कोप्पल
गुजरातगोधरा, प्रतापनगर, पोरबंदर, भक्तिनगर

रेलवे आधुनिकीकरण को मिलेगा नया आयाम

अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की सबसे बड़ी योजनाओं में से एक है। सरकार का लक्ष्य देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, यात्री-अनुकूल और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस बनाना है। नई परियोजनाओं और ट्रेनों के शुरू होने से यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *