नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को शकूरपुर से 45 नए आयुष्मान जन आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य राजधानी के प्रत्येक नागरिक को उसके घर और कॉलोनी के पास ही गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए लगातार नए आयुष्मान जन आरोग्य मंदिर शुरू किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि वर्तमान में दिल्ली में 415 से अधिक आयुष्मान जन आरोग्य मंदिर संचालित हो रहे हैं। सरकार का लक्ष्य जल्द ही इनकी संख्या बढ़ाकर 1,100 से अधिक करना है, ताकि हर क्षेत्र के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से मिल सकें।
एक ही जगह मिलेंगी कई स्वास्थ्य सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि आयुष्मान जन आरोग्य मंदिरों में ओपीडी सेवा, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य देखभाल, टीकाकरण, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता और 80 प्रकार की नि:शुल्क जांच जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों के माध्यम से लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने पर जोर
रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, आधुनिक और प्रभावी बनाना है। आयुष्मान जन आरोग्य मंदिरों के विस्तार से प्राथमिक स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत होगी और आम नागरिकों को समय पर इलाज की सुविधा मिलेगी।