नई दिल्ली: दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को बड़ा ऐलान किया। उन्होंने राजधानी में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए ‘दिल्ली इलेक्ट्रिक व्हीकल सब्सिडी पोर्टल’ http://evsubsidy.delhi.gov.in का शुभारंभ किया। सरकार का मकसद नई EV पॉलिसी का लाभ सीधे हर दिल्लीवासी तक पहुंचाना है।
ऑनलाइन आवेदन, रियल-टाइम ट्रैकिंग
पोर्टल लॉन्च करते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि अब लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। दिल्ली के नागरिक घर बैठे ही EV खरीदने पर सब्सिडी और अन्य प्रोत्साहनों के लिए आवेदन कर सकेंगे। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और आवेदक अपने फॉर्म की स्थिति की रियल-टाइम ट्रैकिंग भी कर पाएंगे। सत्यापन पूरा होने के बाद अधिकतम 60 दिनों के भीतर प्रोत्साहन राशि सीधे DBT के माध्यम से लाभार्थी के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी।
सीएम ने कहा, “हमारा लक्ष्य दिल्ली को स्वच्छ, ग्रीन और प्रदूषण-मुक्त बनाना है। इलेक्ट्रिक वाहन अपनाकर ही हम यह लक्ष्य हासिल कर सकते हैं। नई EV पॉलिसी आम आदमी से लेकर कॉमर्शियल यूजर्स तक सभी के लिए है।”
सभी कैटेगरी को मिलेगा फायदा
अधिकारियों के अनुसार पोर्टल पर टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, ई-कार्गो और ई-बस सहित सभी श्रेणियों के इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए आवेदन किया जा सकेगा। सब्सिडी के अलावा पुराने वाहन स्क्रैप करने पर प्रोत्साहन, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर लगाने पर छूट और अन्य लाभों के लिए भी यहीं से अप्लाई होगा। इससे बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी और पारदर्शिता बढ़ेगी।
लॉन्च कार्यक्रम में कैबिनेट सहयोगी डॉ. पंकज कुमार सिंह सहित परिवहन और ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि पोर्टल को यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है ताकि कम पढ़े-लिखे लोग भी आसानी से फॉर्म भर सकें। आवेदन से लेकर भुगतान तक हर स्टेप पर आवेदक को SMS और ईमेल से अपडेट मिलेगा।
2026 तक 25% वाहन EV करने का लक्ष्य
विशेषज्ञों का मानना है कि DBT और समयसीमा तय करने से लोगों का भरोसा बढ़ेगा। दिल्ली सरकार का लक्ष्य अगले कुछ सालों में राजधानी में चलने वाले 25% वाहनों को इलेक्ट्रिक करना है। इसके लिए शहर में चार्जिंग स्टेशनों का नेटवर्क भी तेजी से बढ़ाया जा रहा है।
सीएम रेखा गुप्ता ने सभी दिल्लीवासियों से अपील की कि वे ईवी अपनाएं और स्वच्छ दिल्ली के निर्माण में भागीदार बनें। सरकार योजना की जानकारी हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान भी चलाएगी