अगले हफ्ते न्यूजीलैंड के दौरे पर रहेंगे PM मोदी, FTA के बाद व्यापार और रिश्तों को मिलेगी नई रफ्तार

PM Modi

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ्ते न्यूजीलैंड की पहली आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। इसकी जानकारी न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर दी।

लक्सन ने पोस्ट में कहा कि अप्रैल में हुए न्यूजीलैंड-भारत फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के बाद दोनों देश अपने रिश्तों को एक नए स्तर पर ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “भारत दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और न्यूजीलैंड की आर्थिक समृद्धि के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। FTA से न्यूजीलैंड में ज्यादा नौकरियां मिलेंगी, निर्यात बढ़ेगा और आर्थिक विकास को मजबूती मिलेगी।”

FTA से 1.4 अरब के बाजार तक पहुंच

लक्सन के मुताबिक इस समझौते से 1.4 अरब लोगों के बाजार में न्यूजीलैंड के सामान और सेवाओं के निर्यात के नए मौके खुलेंगे। इससे कीवी समुदायों में आय बढ़ेगी, रोजगार पैदा होंगे और वेतन में इजाफा होगा।

न्यूजीलैंड के व्यापार और निवेश मंत्री टॉड मैक्ले ने 6 मई को कहा था कि FTA के बाद अगले कुछ वर्षों में दोनों देशों के बीच व्यापार दोगुना हो सकता है। उन्होंने बताया कि यह समझौता उच्च-गुणवत्ता वाले सामान और सेवाओं की जरूरतों को पूरा करता है। न्यूजीलैंड सरकार अगले 15 साल में भारत में 20 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक निवेश बढ़ाने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

अप्रैल में हुई थी FTA की घोषणा

बता दें कि इसी साल अप्रैल में भारत और न्यूजीलैंड ने FTA पर हस्ताक्षर की घोषणा की थी। इसे दोनों देशों के आर्थिक संबंधों में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। इस व्यापक ढांचे में बाजार तक पहुंच, कृषि उत्पादकता, निवेश, टैलेंट मोबिलिटी, खेल, पर्यटन और लोगों के बीच संपर्क शामिल हैं।

इस FTA का फायदा दोनों देशों के मैन्युफैक्चरर्स, किसानों, MSME, महिला उद्यमियों, छात्रों और कुशल पेशेवरों को मिलेगा। इससे पहले न्यूजीलैंड के पीएम क्रिस्टोफर लक्सन भारत दौरे पर आए थे। उस दौरान उन्होंने पीएम मोदी से मुलाकात की थी और कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *