हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में छह पर्यटकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
सुबह 3 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना चंबा-नूरपुर नेशनल हाईवे पर ककीरा के पास घार क्षेत्र में सुबह करीब 3 बजे हुई। बताया जा रहा है कि पर्यटकों से भरी एक इनोवा कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में चालक समेत कुल 10 लोग सवार थे।
गाड़ी के उड़े परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायलों का चल रहा इलाज
घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
गुजरात के बताए जा रहे पर्यटक
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन में सवार सभी लोग गुजरात के पर्यटक थे, जो मनाली से डलहौजी की ओर घूमने जा रहे थे। दुर्घटनाग्रस्त इनोवा वाहन मंडी नंबर का बताया जा रहा है। फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।