हिमाचल में बारिश से बिगड़े हालात, 253 मौतें 98 सड़कें बंद, चार दिन भारी बारिश का अलर्ट

हिमाचल में बारिश और बाढ़

शिमला: हिमाचल प्रदेश में मानसून की बारिश से हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। राज्य आपदा संचालन केंद्र की 31 अगस्त सुबह 10 बजे जारी रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में प्रदेश में 98 सड़कें बंद हो गईं, 107 ट्रांसफॉर्मर प्रभावित हुए और 37 पेयजल योजनाएं बाधित हुई हैं। वहीं, 30 जून से 30 अगस्त तक मानसून के दौरान बारिश से जुड़ी घटनाओं में 253 लोगों की मौत हो चुकी है।

30 अगस्त शाम तक प्रदेश में 64 सड़कें, 226 ट्रांसफॉर्मर और 9 पेयजल योजनाएं प्रभावित थीं। इसके बाद 31 अगस्त सुबह तक बंद सड़कों की संख्या बढ़कर 98 हो गई। जिला स्तर पर मंडी सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां 43 सड़कें बंद हैं और 89 ट्रांसफॉर्मर प्रभावित हुए हैं। चंबा में 15 सड़कें और 5 ट्रांसफॉर्मर, कुल्लू में 16 सड़कें, सोलन में 4 सड़कें और 5 ट्रांसफॉर्मर, सिरमौर में 5 सड़कें और शिमला में 2 सड़कें बंद हैं। कांगड़ा में 7 और ऊना में 4 सड़कें प्रभावित हैं।

हमीरपुर में सबसे ज्यादा पेयजल योजनाएं प्रभावित

बारिश का असर पेयजल आपूर्ति पर भी पड़ा है। हमीरपुर में 37 पेयजल योजनाएं बाधित हुई हैं, जो प्रदेश में सबसे अधिक हैं। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में सड़क, बिजली और पेयजल व्यवस्था प्रभावित हुई है।

मानसून में अब तक 253 मौतें

30 जून से 30 अगस्त की संचयी रिपोर्ट के अनुसार, मानसून अवधि में प्राकृतिक आपदाओं और अन्य घटनाओं में 104 लोगों की मौत हुई है, जबकि सड़क हादसों में 149 लोगों की जान गई है। इस तरह कुल 253 मौतें दर्ज की गई हैं। प्राकृतिक आपदाओं में शिमला और कांगड़ा में 16-16, सिरमौर में 14, चंबा में 13 और मंडी में 10 मौतें हुई हैं। सड़क हादसों में सिरमौर और शिमला में 19-19, ऊना में 18, चंबा और कांगड़ा में 17-17 तथा कुल्लू में 16 मौतें दर्ज की गई हैं।

शिमला-कालका रूट पर 10 ट्रेनें रद्द

बलगातार बारिश के कारण शिमला-कालका छोटी लाइन पर चलने वाली 10 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। सोलन जिले में कोटी और गुम्मन रेलवे स्टेशनों के बीच मिट्टी खिसकने से पटरी का एक हिस्सा बिना आधार के हवा में लटक गया। इसके बाद शनिवार रात से टॉय ट्रेन का संचालन रोक दिया गया। पटरी को सुरक्षित किए जाने और स्थिति का आकलन करने के बाद सेवाएं बहाल करने पर फैसला होगा।

तीन सितंबर तक येलो अलर्ट

शिमला मौसम विज्ञान केंद्र ने 31 अगस्त से 3 सितंबर तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार शाम से कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। धौलाकुआं में 38.5 मिमी, घाघस में 30 मिमी और पालमपुर में 23.8 मिमी बारिश हुई। मानसून के आगमन से अब तक राज्य को बारिश से जुड़ी घटनाओं में 1,184 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *