रक्षाबंधन पर कुल्लू में HRTC बस हादसा, ब्रेक फेल होने पर पहाड़ी से टकराई बस; 38 यात्री घायल

Kullu Bus Accident: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में रक्षाबंधन के दिन शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। कुल्लू तहसील के भेखली के पास कटाहर गांव में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस ब्रेक फेल होने के बाद पहाड़ी से जा टकराई। हादसा दोपहर करीब 12 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बस में 60 से ज्यादा यात्री सवार थे, जबकि बस की क्षमता 47 यात्रियों की बताई जा रही है। हादसे में करीब 38 यात्रियों के घायल होने की सूचना है। घायलों में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हैं, जो रक्षाबंधन के मौके पर अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए जा रही थीं।

ब्रेक फेल होते ही पहाड़ी से टकराई बस

जानकारी के अनुसार HRTC की बस कुल्लू से ब्यासर गई थी और करीब 11 बजे वापस कुल्लू की ओर रवाना हुई। भेखली के पास पहुंचने के दौरान अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। इसके बाद चालक प्रवीण कुमार ने बस को नियंत्रित करने की कोशिश की और उसे सड़क किनारे पहाड़ी से टकराकर रोक दिया। टक्कर के बाद बस रुक गई, लेकिन इसमें सवार कई यात्री घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में मदद की।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

हादसे की जानकारी मिलते ही DDMA कुल्लू और पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। मौके पर एंबुलेंस भेजी गई और घायलों को उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल पहुंचाया गया। यात्रियों के परिजन भी अस्पताल पहुंचकर अपने परिवार के सदस्यों का हाल जानने लगे। प्रशासन और पुलिस की ओर से राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा। हादसे में शामिल बस का नंबर HP-66-1583 बताया जा रहा है। बस के चालक का नाम प्रवीण कुमार और परिचालक का नाम प्रीतम सिंह बताया गया है।

चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

हादसे वाली जगह सड़क के किनारे गहरी ढांक है। ऐसे में अगर बस चालक के नियंत्रण से पूरी तरह बाहर होकर ढांक से नीचे चली जाती तो हादसा काफी गंभीर हो सकता था। चालक ने समय रहते बस को पहाड़ी से टकराकर रोक दिया। इससे कई यात्रियों की जान बचने की बात सामने आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *