DRDO TARA Test: भारत की रक्षा क्षमता को बड़ी मजबूती देते हुए रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) और भारतीय वायुसेना ने स्वदेशी ग्लाइड वेपन सिस्टम ‘TARA’ का सफल परीक्षण किया है। यह परीक्षण 7 मई को ओडिशा तट पर किया गया।
क्या है TARA?
टैक्टिकल एडवांस्ड रेंज आगमेंटेशन यानी TARA एक मॉड्यूलर रेंज एक्सटेंशन किट है। इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह सामान्य अनिर्देशित बमों को सटीक निर्देशित हथियार में बदल सके। यह भारत का पहला स्वदेशी ग्लाइड वेपन सिस्टम माना जा रहा है।
180 किलोमीटर तक बढ़ेगी मारक क्षमता
TARA विंग तकनीक की मदद से बमों की मारक क्षमता 150 से 180 किलोमीटर तक बढ़ा सकता है। इससे लड़ाकू विमान दुश्मन के एयर डिफेंस की रेंज से बाहर रहकर भी निशाना साध सकेंगे।
टारगेट पर बेहद सटीक हमला
इस सिस्टम में EO/IR गाइडेंस तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जो जमीन पर मौजूद लक्ष्यों को अत्यधिक सटीकता से निशाना बनाती है। बताया गया है कि TARA से छोड़े गए बम लक्ष्य के 3 मीटर के दायरे में गिरते हैं, जिससे हमले की सटीकता काफी बढ़ जाती है।
DRDO और RCI ने मिलकर किया विकसित
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, TARA को हैदराबाद स्थित रिसर्च सेंटर इमारत ने अन्य DRDO लैब्स के साथ मिलकर विकसित किया है। इसका उद्देश्य कम लागत वाले हथियारों की सटीकता और मारक क्षमता को बढ़ाना है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी बधाई
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस सफल परीक्षण पर DRDO, भारतीय वायुसेना और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने इसे भारत की स्वदेशी रक्षा तकनीक के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। वहीं DRDO प्रमुख Samir V. Kamat ने भी परीक्षण से जुड़ी टीमों की सराहना की।