(यरुशलम): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुधवार को इजराइल की संसद ‘नेसेट’ के सर्वोच्च सम्मान ‘स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारत और इजराइल के बीच रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रदान किया गया। मोदी यह सम्मान प्राप्त करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं।
नेसेट में आयोजित हुआ विशेष समारोह
इजराइली संसद में आयोजित समारोह के दौरान नेसेट स्पीकर अमीर ओहाना ने प्रधानमंत्री मोदी को पदक प्रदान किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत-इजराइल संबंधों ने अभूतपूर्व प्रगति की है।
रणनीतिक सहयोग को नई दिशा
दोनों देशों के बीच रक्षा, कृषि, जल प्रबंधन, साइबर सुरक्षा और नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह सम्मान द्विपक्षीय संबंधों की मजबूती का प्रतीक है।
फलस्तीन से भी मिल चुका है सर्वोच्च सम्मान
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 में प्रधानमंत्री मोदी को फलस्तीन द्वारा ‘ग्रैंड कॉलर ऑफ द स्टेट ऑफ फलस्तीन’ से भी सम्मानित किया गया था। इस प्रकार वह उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हैं जिन्हें इजराइल और फलस्तीन दोनों से शीर्ष सम्मान प्राप्त हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी की पिछले नौ वर्षों में यह दूसरी इजराइल यात्रा है, जिसे पश्चिम एशिया में भारत की सक्रिय कूटनीति के रूप में देखा जा रहा है।