PM Modi Israel visit:(यरुशलम): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजराइल की प्रौद्योगिकी कंपनियों को भारत में निवेश करने और भारतीय युवाओं के साथ साझेदारी करने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कृत्रिम मेधा (एआई), स्वास्थ्य सेवा और कृषि जैसे क्षेत्रों में नवाचारों को प्रदर्शित करने वाली प्रदर्शनी का बुधवार को दौरा किया। इस अवसर पर उनके साथ इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भी मौजूद रहे।
प्रदर्शनी में दिखे नवीनतम तकनीकी नवाचार
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर बताया कि प्रदर्शनी में प्रौद्योगिकी जगत के “विशेष नवाचारों” की झलक देखने को मिली। उन्होंने कहा कि उन्होंने कृत्रिम मेधा, क्वांटम, स्वास्थ्य सेवा, साइबर सुरक्षा, जल संसाधन और कृषि जैसे क्षेत्रों में इजराइली युवाओं के अग्रणी कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने इजराइली कंपनियों से आग्रह किया कि वे भारत में निवेश करें और हमारे प्रतिभाशाली युवाओं के साथ काम करें।
भारत-इजराइल तकनीकी साझेदारी को नई दिशा
प्रदर्शनी में कृषि-प्रौद्योगिकी, जल-प्रौद्योगिकी, जलवायु-प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य-जैव प्रौद्योगिकी, स्मार्ट परिवहन, एआई, साइबर सुरक्षा और क्वांटम प्रौद्योगिकी में विशेषज्ञता रखने वाली अग्रणी इजराइली कंपनियों और शोध संस्थानों ने भाग लिया। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नवाचार एवं प्रौद्योगिकी साझेदारी भारत-इजराइल द्विपक्षीय संबंधों का प्रमुख आधार है। दोनों देश ‘इंडिया-इजराइल इनोवेशन ब्रिज’ पहल के माध्यम से आधुनिक चुनौतियों के समाधान विकसित करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग
प्रधानमंत्री मोदी ने वैज्ञानिकों, प्रौद्योगिकी उद्यमियों और कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शित अत्याधुनिक तकनीक भारत-इजराइल सहयोग को स्टार्टअप, नवाचार और व्यापारिक साझेदारियों में नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सक्षम है, खासकर कृषि, जल प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवा और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में। पीएम मोदी दो दिवसीय यात्रा पर बुधवार को इजराइल पहुंचे। यह उनकी पिछले नौ वर्षों में दूसरी इजराइल यात्रा है और इसे भारत की पश्चिम एशिया नीति और रणनीतिक कूटनीति का हिस्सा माना जा रहा है।