मुंबई: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की नेत्री सुनेत्रा पवार ने आज शाम पांच बजे लोकभवन में महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली।उन्होंने अपने दिवंगत पति और पार्टी प्रमुख अजित पवार के स्थान पर यह जिम्मेदारी संभाली। अजित पवार का हाल ही में एक निजी विमान दुर्घटना में निधन हो गया था। सुनेत्रा को मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस और पीएम मोदी समेत अन्य नेताओं ने बधाई दी है।
लोक भवन में हुआ शपथ ग्रहण समारोह
जानकारी के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह शाम पांच बजे लोक भवन में आयोजित किया गया। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें शनिवार को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई
पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी उन्हें इस महत्वपूर्ण पद संभालने पर बधाई दी। उन्होंने कहा, “सुनेत्रा पवार जी को महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री बनने पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि वह राज्य के लोगों की भलाई के लिए लगातार प्रयास करेंगी और दिवंगत अजित पवार के विज़न को पूरा करेंगी।”
राकांपा विधायक दल की बैठक
शपथ ग्रहण से पहले राकांपा विधायक दल की बैठक शनिवार अपराह्न दो बजे मुंबई में हुई। बैठक में सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुने जाने की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद उन्होंने राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
पार्टी नेताओं से की मुलाकात
शनिवार सुबह बारामती से मुंबई पहुंचने के बाद सुनेत्रा पवार ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और विधायकों से बातचीत की। पार्टी में उनके नेतृत्व को लेकर सहमति बनने के बाद उन्होंने यह पद ग्रहण किया।
अजित पवार का निधन
देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महायुति सरकार में उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री रहे अजित पवार का 28 जनवरी को बारामती में एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया था। इस हादसे में उनके साथ 5 अन्य लोगों की भी मौत हुई थी। उनके आकस्मिक निधन के बाद राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है।