सीएम सैनी ने कुरुक्षेत्र में सुना ‘मन की बात’ कार्यक्रम, बोले समाज को दिशा देने वाला रहा प्रोग्राम

कुरुक्षेत्र (हरियाणा): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कुरुक्षेत्र के पीपली क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को कार्यकर्ताओं के साथ सुना। मुख्यमंत्री अचानक पीपली अनाज मंडी स्थित धर्मशाला पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को सकारात्मक सोच और प्रेरणा देने वाला मंच बन चुका है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में प्रसारित यह कार्यक्रम भी समाज को दिशा देने वाला रहा।

अच्छे कार्यों को देश के सामने लाने का माध्यम

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हर महीने ‘मन की बात’ के माध्यम से देश में हो रहे अच्छे कार्यों और सकारात्मक प्रयासों को देशवासियों के सामने रखते हैं। इससे आम नागरिकों को प्रेरणा मिलती है और समाज में नवाचार व सेवा की भावना मजबूत होती है। सीएम नायब सिंह सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने इस बार के कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर में पुरातत्व विभाग द्वारा प्राप्त बुद्ध स्तूप की आकृति का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह खोज भारत की प्राचीन सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को उजागर करती है।

संस्कृति और विरासत से जुड़ाव

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम केवल विकास की बात नहीं करता, बल्कि देश की संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत के प्रति लोगों को जागरूक करने का भी कार्य करता है। कार्यक्रम के दौरान भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे और सभी ने प्रधानमंत्री के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *