(गुवाहाटी): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को एकदिवसीय दौरे पर असम पहुंचेंगे। इस दौरान वह राज्य में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
शहीद स्मारक से होगी यात्रा की शुरुआत
अधिकारियों के अनुसार, अमित शाह को रविवार रात अहमदाबाद से गुवाहाटी पहुंचना था, लेकिन घने कोहरे के कारण उनकी उड़ान रवाना नहीं हो सकी। इसके चलते उनका असम दौरा एक दिन के लिए स्थगित कर सोमवार को तय किया गया। गृह मंत्री अपने दौरे की शुरुआत अवैध घुसपैठियों के खिलाफ हुए असम आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर करेंगे। वह नवनिर्मित ‘शहीद स्मारक क्षेत्र’ में जाकर शहीदों को नमन करेंगे।
बटद्रवा थान में पुनर्विकास परियोजना का करेंगे उद्घाटन
इसके बाद अमित शाह नगांव जिले के बोरदुवा स्थित बटद्रवा थान जाएंगे, जो वैष्णव संत श्रीमंत शंकरदेव की जन्मभूमि है। यहां वह 227 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई पुनर्विकास परियोजना का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन के बाद गृह मंत्री बोरदुवा में आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
गुवाहाटी में सुरक्षा और सांस्कृतिक परियोजनाएं
दोपहर बाद अमित शाह गुवाहाटी लौटेंगे, जहां वह 111 करोड़ रुपये की लागत से बने गुवाहाटी पुलिस आयुक्तालय के नए भवन और 189 करोड़ रुपये की लागत वाली एकीकृत कमान एवं नियंत्रण प्रणाली (आईसीसीएस) का उद्घाटन करेंगे। आईसीसीएस के माध्यम से शहर में 2,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की निगरानी की जाएगी, जिससे सुरक्षा और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा, गृह मंत्री 291 करोड़ रुपये की लागत से बने ‘ज्योति बिष्णु सांस्कृतिक परिसर’ का भी उद्घाटन करेंगे। यह परिसर 5,000 सीटों की क्षमता वाला आधुनिक सभागार है। सभी कार्यक्रमों के बाद अमित शाह नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।