Delhi CM Rekha Gupta: (नई दिल्ली): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में अपने 7-8 महीने के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि वे आगामी 5 वर्षों में अपनी विधानसभा क्षेत्र में इतना काम करेंगी, जितना पिछले 50 वर्षों में नहीं हुआ। उन्होंने पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी (आप) की विधायक पर भी कड़ा हमला बोला।
‘आप’ पर साधा निशाना
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा लगभग 11 वर्षों तक इस क्षेत्र की विधायक रही आम आदमी पार्टी की नेतृत्व में छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जनता परेशान रहती थी। पूरे 11 वर्षों में विधानसभा क्षेत्र में कोई बड़ा प्रोजेक्ट या कम्युनिटी हॉल का निर्माण नहीं हुआ। मैक्स अस्पताल के पास शुरू हुआ अस्पताल का काम भी पिछले 5 सालों से अधूरा पड़ा है।
कम समय में बड़ी उपलब्धियां
उन्होंने बताया कि मात्र 7-8 महीनों में एक फ्लाईओवर का निर्माण पूरा किया गया है और पांच नए अस्पताल बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 10 और 15 साल पुरानी गाड़ियों पर लगे प्रतिबंध से जनता को राहत मिली है। साथ ही, यमुना के घाटों पर छठ पूजा की अनुमति देने के लिए भी काम किया गया है।
बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट की तैयारी
रेखा गुप्ता ने कहा कि इंद्रलोक से दिल्ली बॉर्डर तक नहर के ऊपर एक एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाएगा, जिसके नीचे रिवरफ्रंट और दोनों तरफ सड़कें विकसित की जाएंगी। उन्होंने हैदरपुर गांव में 12वीं तक के एक बड़े स्कूल के लिए जमीन आवंटित करने की भी घोषणा की, जिसमें साइंस और इंग्लिश मीडियम की सुविधाएं होंगी ताकि गांव और झुग्गी-झोपड़ी के बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके।
छोटे-मोटे कामों पर भी खास ध्यान
उन्होंने स्थानीय निवासियों को भरोसा दिलाया कि नाली, सड़क और पार्क जैसी छोटी-मोटी समस्याएं अब सिर्फ एक लिखित आवेदन देने से ही हल कर दी जाएंगी। उनका कहना था कि उनका ध्यान न केवल छोटे-मोटे कामों पर है, बल्कि पूरे क्षेत्र को सुंदर, प्रदूषण मुक्त और हराभरा बनाने पर भी है।
सार्वजनिक परिवहन में सुधार
मुख्यमंत्री ने दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन सुधारों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि आधी बसों को इलेक्ट्रिक बसों में बदला जा चुका है और बंद हो चुकी ‘यू-स्पेशल’ बस सेवा को छात्रों के लिए पुनः चालू किया गया है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, “मैं आज भी आपके लिए वही बहन हूं जो पहले थी, लेकिन अब जिम्मेदारी पूरे राज्य की है, इसलिए मुझे आपका साथ चाहिए।”