अमित शाह ने जयपुर में नए आपराधिक कानूनों की प्रदर्शनी का किया उद्घाटन, जानें क्या है मुख्य बदलाव

Amit Shah Jaipur exhibition: (जयपुर): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को जयपुर में आयोजित एक विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जो देश की आपराधिक न्याय प्रणाली में आए ऐतिहासिक बदलावों को प्रदर्शित करती है। यह प्रदर्शनी जयपुर एग्ज़िबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर सीतापुरा में शुरू हुई है और 13 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक चलेगी।

अपराध से अदालत तक की प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन

गृह मंत्री शाह, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रदर्शनी में शामिल होकर नए आपराधिक कानूनों के तहत अपराध स्थल से लेकर पुलिस स्टेशन और अदालत तक की जांच प्रक्रिया का प्रत्यक्ष प्रदर्शन देखा। प्रस्तुति में दिखाया गया कि कैसे नए कानूनों ने जांच की गति और पारदर्शिता को बढ़ाया है और अपराध के अभियोजन में सुधार लाया है।

पीड़ित-केंद्रित प्रणाली की झलक

प्रदर्शनी में नए कानूनों के पीड़ित-केंद्रित दृष्टिकोण को भी प्रस्तुत किया गया, जहां यह दिखाया गया कि कैसे अब पीड़ित को न्याय प्रक्रिया का सक्रिय हिस्सा बनाया जा रहा है। इससे न केवल न्यायिक प्रक्रिया में भागीदारी बढ़ेगी बल्कि पीड़ितों को समय पर न्याय मिलना भी सुनिश्चित होगा।

दंड से न्याय की ओर बदलाव

यह छह दिवसीय राज्य स्तरीय प्रदर्शनी उन तीन नए आपराधिक कानूनों के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित की गई है, जो 1 जुलाई 2024 से देशभर में लागू हुए हैं। इन कानूनों में भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम शामिल हैं। यह प्रदर्शनी इन कानूनों द्वारा देश की आपराधिक न्याय प्रणाली में लाए गए दंडात्मक दृष्टिकोण से न्याय-केंद्रित और पारदर्शिता पर आधारित बदलाव को दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *