छठ पूजा की तैयारियों पर दिल्ली सरकार सख्त, CM रेखा गुप्ता ने बनाई उच्चस्तरीय समिति

cm Rekha Gupta

Chhath Puja preparations: (नई दिल्ली): दिल्ली में इस बार छठ पूजा भव्य और व्यवस्थित तरीके से मनाने के लिए सरकार ने कमर कस ली है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी में पर्व की तैयारियों की निगरानी के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। इस समिति की अध्यक्षता कला, संस्कृति और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा करेंगे। समिति में लक्ष्मी नगर, संगम विहार, मटियाला और बादली के विधायक भी शामिल हैं, जो अपने-अपने क्षेत्रों की तैयारियों की निगरानी करेंगे।

1000 से अधिक स्थानों पर होगा आयोजन

इस वर्ष दिल्ली में छठ पूजा का आयोजन लगभग 1,000 स्थानों पर किया जाएगा। यमुना नदी के किनारे, मुनक नहर और कई कृत्रिम तालाबों को पूजा स्थलों के रूप में चिन्हित किया गया है। सरकार ने संबंधित विभागों को साफ-सफाई, जल छिड़काव, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की सख्त जिम्मेदारी दी है। सिंचाई विभाग को यमुना नदी से जलकुंभी हटाने का काम सौंपा गया है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ जल उपलब्ध हो सके। इसके अलावा, मेडिकल सुविधाओं, रोशनी, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और सुरक्षा के इंतजाम भी सुनिश्चित किए जाएंगे।

श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा

कपिल मिश्रा ने कहा कि छठ पूजा दिल्ली की सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा है और इस बार सरकार का उद्देश्य है कि हर श्रद्धालु को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक माहौल मिले। उन्होंने बताया कि पिछली सरकारों ने इस पर्व की अनदेखी की थी, लेकिन अब यह पर्व पहली बार वैसी गंभीरता से मनाया जाएगा, जिसकी यह हकदार है। उन्होंने सभी से उत्साह और अनुशासन के साथ छठ पूजा में हिस्सा लेने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

सरकार और जनता मिलकर करें प्रयास

मंत्री मिश्रा ने कहा कि इस बार छठ पूजा दिल्ली में पहले से कहीं अधिक भव्य और सुव्यवस्थित होगी। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे स्वच्छता और व्यवस्था बनाए रखें और प्रशासन के साथ मिलकर काम करें ताकि त्योहार सफलतापूर्वक मनाया जा सके। समिति द्वारा त्योहार की तैयारियों का समग्र आकलन किया जाएगा और आवश्यक सुधार तत्काल लागू किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *