भारत-ब्रिटेन संबंधों में नई ऊर्जा, पीएम मोदी और ब्रिटेन के PM स्टार्मर की मुंबई में हुई अहम बैठक

PM Modi meeting with UK PM Starmer: (मुंबई): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत और ब्रिटेन स्वाभाविक साझेदार हैं और दोनों देशों के बीच साझेदारी वैश्विक स्थिरता एवं आर्थिक प्रगति का एक महत्वपूर्ण आधार बन रही है। भारत दौरे पर आए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर के साथ व्यापक वार्ता के बाद मोदी ने बताया कि भारत-ब्रिटेन संबंधों का आधार लोकतंत्र, स्वतंत्रता और कानून के शासन जैसे मूल्यों में साझा विश्वास है।

संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में साझा विचार

वार्ता के बाद आयोजित संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में केअर स्टार्मर ने कहा कि भारत-ब्रिटेन का संबंध खास है। उन्होंने भारत की विकास गाथा को उल्लेखनीय बताते हुए कहा, “हम भविष्य पर केंद्रित एक नयी आधुनिक साझेदारी गढ़ रहे हैं।”

सैन्य प्रशिक्षण और समुद्री सुरक्षा सहयोग

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि भारत और ब्रिटेन ने सैन्य प्रशिक्षण में सहयोग पर एक समझौते पर पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा, “हम हिंद-प्रशांत क्षेत्र में ब्रिटेन के साथ समुद्री सुरक्षा सहयोग बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।”

वैश्विक मुद्दों पर सहमति

यूक्रेन संघर्ष और गाजा मुद्दे पर दोनों नेताओं ने विचार साझा किए। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत बातचीत और कूटनीति के माध्यम से शांति बहाल करने के सभी प्रयासों का समर्थन करता है।

व्यापारिक संबंधों को बढ़ावा

ब्रिटिश प्रधानमंत्री के साथ मुंबई में ब्रिटेन के 125 प्रमुख व्यापारिक नेताओं, उद्यमियों और शिक्षाविदों का प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद था। स्टार्मर की यह दो दिवसीय यात्रा भारत और ब्रिटेन के बीच एक ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर के ढाई महीने बाद हुई है। यह समझौता बाजार पहुंच बढ़ाएगा, शुल्क में कटौती करेगा और 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार दोगुना होने की उम्मीद है। यह समझौता प्रधानमंत्री मोदी की जुलाई में लंदन यात्रा के दौरान अंतिम रूप दिया गया था।

नई साझेदारी की दिशा में बड़ा कदम

प्रधानमंत्री मोदी और केअर स्टार्मर की यह बैठक भारत-ब्रिटेन संबंधों को नई दिशा देने के साथ-साथ क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर स्थिरता, विकास और सहयोग के नए आयाम खोलने वाली साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *