पंजाब पुलिस ने बब्बर खालसा आतंकी मॉड्यूल का किया भंडाफोड़ , जालंधर से IED के साथ 2 गिरफ्तार

 Punjab Police terror bust: (चंडीगढ़): पंजाब पुलिस को आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को जालंधर से दो आतंकियों को गिरफ्तार कर बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के एक सक्रिय आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है।पुलिस ने आतंकियों के पास से 2.5 किलोग्राम आरडीएक्स युक्त इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) और एक रिमोट कंट्रोल जब्त किया है। यह विस्फोटक किसी बड़े आतंकी हमले के लिए तैयार किया गया था। पंजाब पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस, जालंधर यूनिट ने यह कार्रवाई की।

किसने दी जानकारी

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि यह मॉड्यूल पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI समर्थित था और इसे बीकेआई के सरगना हरविंदर सिंह रिंदा के निर्देश पर चलाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि यह मॉड्यूल विदेश में बैठे दो गुर्गों निशान जौरियन और आदेश जमराई द्वारा संचालित किया जा रहा था, जो वर्तमान में ब्रिटेन में हैं।

पुलिस ने इस मामले में गुरजिंदर सिंह और दीवान सिंह को जालंधर से गिरफ्तार किया है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि जब्त किया गया IED एक लक्षित आतंकी हमले के लिए इस्तेमाल किया जाना था। इससे किसी बड़ी जनहानि की साजिश रची जा रही थी।

यूएपीए और विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज

इस मामले में अमृतसर में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम – UAPA और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस अब इस मॉड्यूल से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की तलाश और मॉड्यूल की फंडिंग व नेटवर्क की जांच कर रही है।डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि यह कार्रवाई पंजाब में शांति और सुरक्षा बनाए रखने की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में किसी भी आतंकी गतिविधि या नेटवर्क को पनपने नहीं दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *