CM रेखा गुप्ता ने स्वदेशी मेले का किया उद्घाटन, कारीगरों को मिलेगा नया मंच

रेखा गुप्ता, दिल्ली की मुख्यमंत्री।

Swadeshi Mela Delhi 2025: (नई दिल्ली): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को कर्तव्य पथ पर आयोजित स्वदेशी मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने राजधानी के कारीगरों की कला और शिल्प को प्रोत्साहित करने के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। यह मेला 11 अक्टूबर तक चलेगा और इसमें देशभर के स्वदेशी उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है।

‘एक जिला, एक उत्पाद’ की चर्चा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश में ‘एक जिला, एक उत्पाद (ODOP)’ की नीति पर चर्चा हो रही है। उन्होंने हंसी-हंसी में कहा मैंने उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा से पूछा कि चाट-पकौड़े के अलावा दिल्ली की क्या विशेषता है इस टिप्पणी के ज़रिए उन्होंने राजधानी की पारंपरिक कारीगरी और हस्तशिल्प को पहचान दिलाने की जरूरत पर बल दिया।

दिल्ली के कारीगरों को मिले अंतरराष्ट्रीय पहचान

मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार दिल्ली के कारीगरों की कारीगरी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे मेले न केवल लोकल उत्पादों को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में भी एक कदम हैं।

स्वदेशी अपनाने की अपील

रेखा गुप्ता ने नागरिकों से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील की और याद दिलाया कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान स्वदेशी आंदोलन ने देश को आज़ादी दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा हम स्वदेशी अपनाकर ही आत्मनिर्भर बन पाएंगे और स्वदेशी ही वह हथियार है जिससे देश को आज़ादी मिली।

आत्मनिर्भर भारत की ओर कदम

मुख्यमंत्री का यह संबोधन ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने की दिशा में एक स्पष्ट संदेश माना जा रहा है। मेला न केवल खरीददारी का अवसर है, बल्कि भारतीय संस्कृति, कला और कारीगरी को समझने और सराहने का भी एक मंच है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *