Sawan First Monday: आज सावन का पहला सोमवार है। लिहाजा यूपी में काशी विश्वनाथ मंदिर से लेकर उज्जैन के महाकाल मंदिर समेत देश भर के शिवमंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। शिवालयों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले की गूंज ने पूरे देश के वातावरण को शिवमय कर दिया है। सभी मंदिरों में जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक के लिए भक्तों का तांता लगा है। साथ ही ऊं नमः शिवाय की गूंज है। आइये आपको बताते हैं कि सावन के पहले सोमवार से लेकर अन्य सोमवार को विशेष पूजा क्यों होती है और इसका क्या महत्व है?
सावन का सोमवार क्यों होता है खास?
सावन (श्रावण) का महीना भगवान शिव को समर्पित होता ह और इसका पहला सोमवार पूरे भारतवर्ष में एक विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व रखता है। इस दिन को लेकर श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा और आस्था से व्रत, पूजा और जलाभिषेक करते हैं। इसे भगवान शिव का प्रिय मास कहा जाता है। पौराणिक मान्यता है कि इसी महीने में माता पार्वती ने शिवजी को पति रूप में पाने के लिए कठोर तप किया था। अंततः भगवान शिव ने उन्हें स्वीकार किया। सोमवार का दिन शिवजी को समर्पित होता है। सावन के हर सोमवार को व्रत रखने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है और भगवान शिव की कृपा प्राप्त होती है। इसलिए सोमवार को देश भर के शिव मंदिरों में विशेष पूजन और अभिषेक का बड़ा महत्व है।
जलाभिषेक की परंपरा
इस दिन भक्त शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भस्म आदि अर्पित करते हैं। ऐसा करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसके साथ ही सावन के पहले सोमवार से ज्यादातर भक्त देशभर में कांवड़ यात्रा भी शुरू करते हैं। हालांकि कुछ भक्त पहले ही अपनी कांवड़ यात्रा शुरू कर देते हैं। इस दौरान श्रद्धालु गंगाजल लाकर शिवलिंग पर चढ़ाते हैं।
मनोकामना पूर्ति और वैवाहिक सुख
पौराणिक मान्यता है कि सावन के सोमवार के दिन का व्रत विशेष रूप से अविवाहित कन्याओं के लिए फलदायक होता है। वे अच्छे वर की प्राप्ति के लिए यह व्रत करती हैं। विवाहित महिलाएं अपने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए शिवजी से आशीर्वाद मांगती हैं। सावन में शिवलिंग पर जलाभिषेक और उनकी प्रिय चीजों से रुद्राभिषेक किया जाता है। ऐसी मान्यता है कि सावन के महीने में भगवान शिव सबसे जल्दी प्रसन्न होते हैं और जो भक्त सच्चे मन से उनकी पूजा-आराधना करता है उनके सभी दुख दूर हो जाते हैं। पूरे सावन माह भगवान भोलेनाथ पृथ्वी पर आकर अपने भक्तों पर कृपा बरसाते हैं।