हिमाचल में मानसून का कहर जारी: मंडी, शिमला और सिरमौर में येलो अलर्ट, अब तक 91 की मौत

Himachal Weather Alert: (शिमला): हिमाचल प्रदेश में मानसून फिर से सक्रिय हो रहा है। मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए आज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों में यानी 12 और 13 जुलाई को कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

13 से 16 जुलाई के बीच होगा मानसून और अधिक सक्रिय

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 13 से 16 जुलाई तक हिमाचल प्रदेश में मानसून और अधिक सक्रिय रहेगा। इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। राज्य प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। भारी बारिश और भूस्खलन के चलते प्रदेश में 207 सड़कें, 132 बिजली ट्रांसफार्मर और 812 जल योजनाएं अभी भी प्रभावित हैं। कई ग्रामीण क्षेत्रों में आवाजाही और बिजली-पानी की आपूर्ति अब भी ठप है।

बारिश से इतना हुआ नुकसान

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) के अनुसार, इस मानसून सीज़न में अब तक 91 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 34 लोग लापता हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। राज्य सरकार के आंकड़ों के अनुसार, इस मानसून में 749 करोड़ रुपए की निजी व सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। राहत और पुनर्वास कार्य जारी हैं, लेकिन कई इलाकों में स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।

प्रशासन ने जारी की अपील

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों से दूर रहें, अनावश्यक यात्रा न करें और मौसम विभाग के अपडेट्स पर नजर बनाए रखें। किसी भी आपात स्थिति में डिजास्टर कंट्रोल रूम से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *