Trump on BRICS (न्यूयॉर्क/वॉशिंगटन): अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने BRICS समूह के देशों को बड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि जो ब्रिक्स समूह की कथित “अमेरिका विरोधी नीतियों” का समर्थन कर रहे हैं ऐसे देशों पर अमेरिका की ओर से 10 प्रतिशत का अतिरिक्त शुल्क लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसमें कोई अपवाद नहीं होगा।
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा पोस्ट
अमेरिकी राष्ट्रपति का यह बयान उस समय आया जब ब्रिक्स नेताओं ने अमेरिका की व्यापार नीतियों की आलोचना की, हालांकि उन्होंने ट्रंप का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया। ट्रंप ने इसके जवाब में रविवार देर रात अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा, “ब्रिक्स की अमेरिका विरोधी नीतियों से जुड़ने वाले किसी भी देश पर 10% अतिरिक्त शुल्क लगाया जाएगा। कोई अपवाद नहीं होगा। धन्यवाद।”
ब्रिक्स में कौन-कौन से देश हैं शामिल
ब्रिक्स में शुरुआत में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल थे। 2024 में मिस्र, इथियोपिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात को भी समूह में जोड़ा गया, जबकि इंडोनेशिया ने 2025 में इसमें सदस्यता ली। इस साल ब्रिक्स सम्मेलन ब्राजील में 6-7 जुलाई को आयोजित हो रहा है। यह 17वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन है।
ट्रंप ने किया एक और ऐलान
ट्रंप ने आगे जानकारी दी कि 7 जुलाई सोमवार से अमेरिका विभिन्न देशों को “टैरिफ पत्र” या व्यापार समझौतों से संबंधित दस्तावेज भेजना शुरू करेगा। उन्होंने लिखा, “मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि सोमवार 7 जुलाई को दोपहर 12:00 बजे (पूर्वी समयानुसार), अमेरिका विभिन्न देशों को शुल्क से संबंधित पत्र और/या व्यापार समझौते वितरित करेगा। इस मुद्दे पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद।”