हिमाचल में भारी बारिश का खतरा, 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट; सुबह खिली धूप..फिर भी प्रशासन सतर्क

हिमाचल में बारिश और बाढ़

Himachal Flood Alert: हिमाचल प्रदेश में मानसून का असर तेजी से बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने आज, 7 जुलाई को राज्य के 10 जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर शामिल हैं। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

सुबह पहाड़ों में खिलखिलाई धूप

हालांकि शिमला में सुबह के समय धूप निकली थी, लेकिन दिन में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यह स्थिति अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है। 8 जुलाई को भी ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, चंबा और कांगड़ा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में येलो अलर्ट रहेगा। येलो अलर्ट का मतलब है कि मौसम खराब हो सकता है, लेकिन गंभीर खतरा नहीं है, फिर भी सतर्क रहना जरूरी है।

9 जुलाई से मिल सकती है राहत

9 जुलाई को पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए येलो अलर्ट रहेगा। इस दिन बारिश में थोड़ी कमी आने की संभावना है, जिससे राहत मिल सकती है। फिर भी अधिकारियों ने सभी स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। मानसून सीजन की शुरुआत के बाद से राज्य में भारी नुकसान हुआ है। 20 जून से 6 जुलाई के बीच कई इलाकों में भूस्खलन, पेड़ों के गिरने और नदियों के उफान से जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। अब तक 78 लोगों की जान जा चुकी है, जो इस मानसून की गंभीरता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *