Covid Update: देश भर में कोरोना के मामले पहुंचे 3700 के पार, 24 घंटे में 4 मौतों से सरकार अलर्ट

covid 19

Covid Update in india: (नई दिल्ली):देश भर में कोरोना के मामलों में लगातार बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। बीते 24 घंटों में करीब 1000 नए मामले आने के साथ कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 3758 पहुंच चुकी है। वहीं गत 24 घंटे में 4 मरीजों की मौत ने सरकार को चिंता में डाल दिया है। इससे देश के विभिन्न राज्यों में अलर्ट और नई एडवाइजरी जारी की जा रही है।

3758 एक्टिव केस

देश में कोरोना के कुल एक्टिव मरीजों की संख्या 3758 हो गई है। केरल सबसे अधिक प्रभावित बताया जा रहा है। इसके बाद कर्नाटक में भी तेजी से मामले बढ़ रहे हैं। लिहाजा कर्नाटक सरकार ने नई एडवाइजरी जारी की है। भारतीय स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार बीते 48 घंटों में 1000 से अधिक नए केस सामने आए हैं। इसके बाद सभी राज्यों को फिर से ताजा अलर्ट भेजा गया है।

राज्यवार कोविड-19 मरीजों की ताजा स्थिति:

केरल में सबसे अधिक 1400 सक्रिय मामले, जो देशभर में सबसे ज्यादा हैं।

इसके बाद महाराष्ट्र में 485 और दिल्ली में 436 एक्टिव केस हैं।

हरियाणा में कोरोना के अब तक केवल 30 मरीज मिले हैं। किसी की भी मौत नहीं हुई है।

जबकि हिमाचल प्रदेश में कोई भी केस रिपोर्ट नहीं हुआ है।

कोविड से अब तक कुल 28 मौतें

स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि जनवरी 2025 से अब तक कोविड-19 से 28 मौतें हो चुकी हैं। हालिया मौतों में शनिवार को बेंगलुरु में 63 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जिन्हें दोनों टीके और बूस्टर डोज लग चुके थे। इसी तरह दिल्ली में भी 60 साल के एक बुजुर्ग की मौत दर्ज की गई। केरल और महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 7-7 मौतें हुई हैं।

कर्नाटक सरकार की एडवाइजरी

लोगों को भीड़भाड़ वाली जगहों से बचने, मास्क पहनने और सावधानी बरतने की अपील की गई है।

बुखार, खांसी, सांस की तकलीफ या सीने में दर्द होने पर तुरंत कोविड जांच कराने का निर्देश।

विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों और पहले से बीमार लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मिजोरम में फिर कोविड की वापसी

मिजोरम में सात महीने बाद कोविड का पहला मामला दर्ज किया गया है। शुक्रवार को दो लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इनका इलाज आइजोल के पास फल्कोन स्थित जोरम मेडिकल कॉलेज (ZMCH) में चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग और IDSP ने लोगों से घबराने की बजाय सतर्कता बरतने की अपील की है।

कोविड से बचने के लिए क्या करें

सार्वजनिक स्थानों पर मास्क ज़रूरी।

हाथों की स्वच्छता बनाए रखें।

भीड़भाड़ वाले इलाकों से बचें।

लक्षण दिखने पर तत्काल जांच कराएं।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन लोगों की लापरवाही संक्रमण को बढ़ावा दे सकती है। इसलिए सतर्कता और जिम्मेदारी ही संक्रमण से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *